दूरदर्शी और जनहितकारी बजट के लिए ऊना के जनप्रतिनिधियों ने जताया सीएम सुक्खू का आभार

बोले…ग्रामीण विकास और जनकल्याण को नई दिशा देने वाला है सीएम सुक्खू का बजट, ऊना जिले को मिले तोहफों के लिए भी व्यक्त किया आभार
ऊना. मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा शनिवार को विधानसभा में प्रस्तुत वर्ष 2026–27 के बजट की ऊना जिले के तमाम जनप्रतिनिधियों और आमजनों ने खुले मन से सराहना की है। उनका कहना है कि यह बजट प्रदेश के समग्र विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और जनकल्याण को नई दिशा प्रदान करने वाला है।
गगरेट के विधायक राकेश कालिया, चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा तथा ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश को मिलने वाले राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) में कटौती के बावजूद मुख्यमंत्री ने सीमित संसाधनों के बीच संतुलित, दूरदर्शी और जनहितकारी बजट प्रस्तुत किया है। वित्तीय चुनौतियों के बावजूद किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं, जो प्रदेश के विकास को नई गति देंगी।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बजट में ग्रामीण विकास को विशेष प्राथमिकता दी गई है। ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ करने, स्वावलंबन को बढ़ावा देने और गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से संबंधित योजनाएं प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होंगी। इसके साथ ही कृषि, बागवानी, पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रावधान किसानों और पशुपालकों के लिए लाभकारी होंगे तथा स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि का निर्णय भी सराहनीय है, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि दूध के खरीद मूल्य को बढ़ाकर गाय के दूध के लिए 61 रुपये और भैंस के दूध के लिए 71 रुपये प्रति लीटर करने का निर्णय प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों के लिए बड़ा प्रोत्साहन है, जिससे पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी और डेयरी क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी। इसके अलावा मछुआरा समुदाय के कल्याण के लिए प्रस्तावित योजनाएं भी सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र में गोविंद सागर झील के कारण बड़ी संख्या में लोग मत्स्य पालन से जुड़े हैं, ऐसे में मछुआरा समुदाय के लिए की गई घोषणाएं उनकी आजीविका को सुदृढ़ करने में सहायक होंगी।
उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास को बढ़ावा देने, प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा स्लो टूरिज्म को प्रोत्साहित करने की पहल से पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी का निर्णय भी सराहनीय है, जिससे आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा वर्कर्स सहित अन्य वर्गों का मनोबल बढ़ेगा और हजारों परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि जैसी घोषणाएं भी समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए बड़ी राहत साबित होंगी।
उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए ‘मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार योजना’ शुरू करने की घोषणा भी महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत प्रदेश के एक लाख अति गरीब परिवारों की पहचान कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लक्षित सहायता प्रदान की जाएगी तथा इन परिवारों को प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का प्रावधान करके सरकार ने अपनी दी हुई एक और गारंटी को पूरा किया है।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इन पात्र परिवारों की महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना के तहत चरणबद्ध तरीके से 1500 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा के साथ सरकार ने अपनीनप्रतिबद्धता को आगे बढ़ाया है।  इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।
*सुखमय बजट में ऊना को भी मिला तोहफा*
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत बजट में ऊना जिले के लिए भी महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। जिले के रोड़ा में हेलीपोर्ट निर्माण का प्रस्ताव क्षेत्र में हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को नई गति देगा। इसके अलावा क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में कैथ लैब स्थापित करने की घोषणा से हृदय रोग से संबंधित उपचार की उन्नत सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी और लोगों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पहले चरण में जिन महाविद्यालयों में खेल सुविधाओं के विकास का प्रावधान किया गया है, उनमें राजकीय महाविद्यालय ऊना और राजकीय महाविद्यालय हरोली को शामिल किया जाना युवाओं के लिए बड़ी सौगात है। इससे जिले में खेल अवसंरचना मजबूत होगी और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के विकास को नई गति देने के साथ-साथ आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *