समुदायों में हाथापाई, दुकान पर अवैध कब्जा के एक दूसरे पर आरोप, माहौल तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने दी दखल

शिमला। शिमला के सब्जी मंडी में हिंदू और मुस्लिम समुदायों के लोगों के बीच आज सुबह झड़प का मामला सामने आया है। हिंदू संगठनों ने एक दुकान पर मुस्लिम समुदायों के लोगों पर जबरन कब्जा कर ताला जड़ने के आरोप लगाए हैं जबकि मुस्लिम पक्ष ने खुद को दुकान का मालिक बताते हुए हिंदू परिवार पर दुकान में कब्जा कर बैठने के आरोप जड़े हैं जिसको लेकर दोनों के बीच आज सुबह झड़प हुई और पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों पक्षों को शांत करवाया आगामी कार्रवाई शुरू की।

हिंदू संगठनों के लोगों व किराए पर दुकान लेने वाले हिंदू परिवार का कहना कि वह कई दशकों से यहां दुकान किराए पर चला रहे हैं जिसका किराया भी हर महीने मालिक को दे रहे हैं लेकिन दो दिन पहले एक मुस्लिम समुदाय के व्यक्ति ने खुद को दुकान मालिक बताते हुए दुकान को खाली करने को कहा और दूसरे दिन दुकान का शटर बंद कर खुद का ताला जड़ दिया और 2023 में दुकान खरीदने का दावा किया। परिवार का कहना है कि उनके मालिक ने दुकान बेचे जाने की जानकारी नहीं दी जबकि उनसे किराया अभी भी लिया जा रहा है।

मौके पर पहुंचे हिंदू संगठन देव भूमि संघर्ष समिति के लोगों ने मुस्लिम समुदाय के खिलाफ नारेबाजी की और मुस्लिम समुदाय का सामान भी दुकान से बाहर फेंका। देव भूमि संघर्ष समिति के लोगों ने जबरन दुकान पर मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा जबरन कब्जा करने और हिंदू परिवार के साथ मारपीट के आरोप लगाए।

वहीं दूसरी तरफ मुस्लिम परिवार ने दुकान के मालिक से 2023 में दुकान खरीदने का दावा किया है और कहा कि हिन्दू परिवार 2023 से दुकान पर कब्जा करके बैठा है जबकि इनको दुकान खाली करने के लिए छ महीने का समय दिया गया था लेकिन दुकान तीन साल के बाद भी खाली नहीं की गई है। कई बार नोटिस दिया गया लेकिन परिवार दुकान खाली नहीं कर रहा है और अब हाथापाई पर उतर आया है।

फिलहाल तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *