ज्वालामुखी..ज्वालामुखी वार्ड नंबर 6 स्थित अष्ट भुजा मंदिर में गुरुवार को हनुमान जयंती का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुंदरकांड पाठ और भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया और पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह लगभग 10:30 बजे सुंदरकांड पाठ के साथ हुई। मंदिर परिसर में सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने एक साथ एक स्वर में सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। भगवान हनुमान के जयकारों से मंदिर गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
दोपहर 12:30 बजे से भंडारे का आयोजन शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, ताकि दूर-दराज से आए भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयोजनकर्ता हरीश कपूर ने बताया कि अष्टभुजा मंदिर में पिछले 15 से 20 वर्षों से लगातार हनुमान जयंती का उत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
उन्होंने बताया कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों के बीच भाईचारे व एकता की भावना मजबूत होती है। आयोजन को सफल बनाने में कुलदीप कपूर, अमन कपूर, अनिल कपूर सहित अन्य समिति सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा।
पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने हनुमान जी का आशीर्वाद लेकर अपने जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।