शिमला। जिला प्रशासन शिमला द्वारा शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जल पाइपलाइन बिछाने के कार्य के लिए अस्थायी अनुमति प्रदान की गई है।
यह कार्य पैकेज-10 के अंतर्गत जोन-IIA (समर हिल से कामना हिल, एमआई रूम एवं आर्मी क्षेत्र तक) तथा जोन-IA (समर हिल से मोमो चौक एवं समर हिल रेलवे स्टेशन तक) में किया जाएगा। कार्य 05 अप्रैल 2026 से 02 मई 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तथा सायं 6:00 बजे से रात 8:00 बजे तक निर्धारित समयावधि में किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने कार्य के दौरान पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। कार्यस्थल के आसपास अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों एवं आवासीय क्षेत्रों में निर्धारित ध्वनि स्तर बनाए रखना अनिवार्य होगा।
जनसामान्य की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए गए हैं कि कार्य के दौरान पैदल यात्रियों, एम्बुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों के लिए उचित मार्ग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठेकेदार द्वारा रिफ्लेक्टर जैकेट युक्त ट्रैफिक मार्शल तैनात किए जाएंगे तथा आवश्यक संकेतक एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी।
यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस विभाग द्वारा अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। कार्य केवल निर्धारित समय में ही किया जाएगा ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त यह भी निर्देश दिए हैं कि सड़कों पर किसी प्रकार का मलबा या निर्माण सामग्री न छोड़ी जाए तथा कार्य प्रारंभ करने से पूर्व पुलिस प्रशासन को सूचित किया जाए। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित स्थानीय प्राधिकरण को तुरंत जानकारी देना अनिवार्य होगा।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग का आग्रह करते हुए कहा कि विकास कार्यों के सुचारू संचालन में सहयोग प्रदान करें, ताकि शहर में बेहतर जल आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।