हिमाचल ने लगातार तीसरी बार जीता सिल्वर मेडल,संगरूर में हुआ रोमांचक फाइनल मुकाबला

शिमला । पंजाब के संगरूर में 3 से 5 अप्रैल 2026 तक आयोजित 17वीं राष्ट्रीय पेशापल्लो खेल प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार सिल्वर मेडल हासिल किया। प्रतियोगिता में देशभर के 12 राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया।

तीन साल से फाइनल में आमने-सामने हिमाचल और पंजाब

फाइनल मुकाबला हिमाचल और पंजाब के बीच खेला गया, जो बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंत में पंजाब ने 6 रनों से जीत दर्ज कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। खास बात यह है कि पिछले तीन वर्षों से यही दोनों टीमें फाइनल में पहुंच रही हैं।

कोच ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सराहा
हिमाचल टीम के कोच नरेश कुमार कौशल ने कहा कि पंजाब की टीम काफी अनुभवी है और उसमें कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं। इसके बावजूद हिमाचल के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

डॉ. रमेश राजपूत के प्रयासों से मिल रहा लाभ

उन्होंने बताया कि पेशापल्लो एसोसिएशन के सचिव डॉ. रमेश राजपूत के प्रयासों से खिलाड़ियों को समय-समय पर प्रशिक्षण शिविर और जरूरी खेल सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे टीम का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है।

वर्ल्ड कप के लिए हिमाचल से 10 खिलाड़ी चयनित

कोच ने जानकारी दी कि अक्टूबर 2026 में ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए हिमाचल के 10 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इन खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर 4 से 8 मई तक छत्तीसगढ़ में लगाया जाएगा।

प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का विश्वास

डॉ. रमेश राजपूत ने इसे हिमाचल के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर हिमाचल और भारत का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *