14 अप्रैल को संतोषगढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती – कुलदीप धीमान

जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर भी होगा आयोजित

ऊना। हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग द्वारा 14 अप्रैल को गुरु रविदास मंदिर संतोषगढ़ में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य पर भव्य आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप धीमान ने दी।
श्री धीमान ने बताया कि इस दौरान जागरूकता और स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति से संबंधित लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में जागरूक करना तथा उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि आयोग प्रदेशभर में ऐसे शिविरों के माध्यम से वंचित वर्गों को उनके अधिकारों, सुविधाओं और अवसरों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध होगा। श्री धीमान ने  इस शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।

आयोग के सदस्य डॉ. विजय डोगरा ने बताया कि आयोग समय-समय पर ऐसे जागरूकता शिविर आयोजित करता है, जिनका उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों तक सरकारी योजनाओं की सटीक जानकारी पहुँचाकर उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।

कार्यक्रम में आयोग के सदस्य अधिवक्ता विजय डोगरा, सदस्य शालिनी जम्वाल, आयोग के सचिव विनय मोदी, उपमंडल अधिकारी ऊना अभिषेक मित्तल, डीएसपी ऊना अजय ठाकुर, जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित, तहसील कल्याण अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिलाध्यक्ष कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग बलराम महे, डॉ. बी.आर. अंबेडकर वेलफेयर सोसायटी सतोखगढ़ के प्रधान सुरेंद्र बस्सी, उपप्रधान सुलेन्द्र चोपड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *