उपायुक्त ने विद्यालयों में मधुमक्खी, ततैया एवं अन्य कीटों से सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु जारी की एडवाइजरी

ऊना। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने ऊना जिला के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्य / विद्यालय प्रशासन को विद्यालय परिसरों में मधुमक्खी, ततैया सहित अन्य कीटों को लेकर एडवाइजरी की है। उन्होंने कहा कि आगामी मौसम में प्रायः विद्यालय परिसरों, भवनों की छतों, पेड़ों, खाली कमरों, स्टोर, बरामदों तथा आसपास के स्थानों पर मधुमक्खियों, ततैया एवं रंगड़ (जंगली कीट) के छत्ते बन जाने की घटनाएँ देखने में आती हैं। ऐसे छत्ते विद्यार्थियों, अध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यालय के आसपास रहने वाले आमजन की सुरक्षा के लिए संभावित खतरा उत्पन्न कर सकते हैं।
इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से सभी विद्यालय प्रशासन को एहतियात बरतने तथा आवश्यक निवारक उपाय समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
**सावधानियां / उपाय **
उपायुक्त ने बताया कि विद्यालय परिसर, कक्षाओं, छतों, बरामदों, स्टोर रूम, शौचालयों, पेड़ों के आसपास तथा विद्यालय की चारदीवारी के निकट नियमित रूप से सफाई बनाए रखी जाए, ताकि कीट-पतंगों के छत्ते बनने की संभावना कम रहे। साथ ही, भवनों की छत, कमरों के कोने, खिड़कियों के ऊपर, पानी की टंकियों के आसपास, पेड़ों, झाड़ियों तथा कम उपयोग में आने वाले स्थानों का समय-समय पर निरीक्षण करें, जिससे छत्ता बनने की स्थिति प्रारम्भ में ही चिन्हित की जा सके।
इसके अलावा यदि किसी स्थान पर मधुमक्खी / ततैया / रंगड़ का छत्ता बनाता हुआ या बना हुआ पाया जाए तो विद्यालय प्रशासन द्वारा स्थानीय निकाय की सहायता लेकर सुरक्षित तरीके से हटवाया जाए। इस बारे में विद्यार्थियों को भी समय-समय पर जागरूक किया जाए कि वे मधुमक्खियों/ ततैया के छत्तों के पास न जाएं, पत्थर न मारें और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें।विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत ऐसे स्थानों को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित किया जाए जहाँ खतरे की संभावना हो।
उन्होंने सभी उपरोक्त सावधानियों का गंभीरतापूर्वक पालन करते हुए आवश्यक निवारक एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा ताकि विद्यार्थियों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *