नारकंडा, हिमाचल प्रदेश. हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत पहाड़ी क्षेत्र नारकंडा में आज से 6वीं Silk Route Ultra Trail Run का शुभारंभ हो गया है। यह प्रतिष्ठित आयोजन 10 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर से धावक हिस्सा ले रहे हैं।

इस ट्रेल रन में प्रतिभागियों के लिए 13 किमी, 30 किमी, 55 किमी और 100 किमी की चार अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। सभी रेस का प्रारंभ सर्किट हाउस, नारकंडा से किया गया है।
यह दौड़ प्राचीन हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग पर आधारित है, जो नारकंडा से सराहन तक फैले ऐतिहासिक पैदल रास्तों से होकर गुजरती है। कभी व्यापार और स्थानीय आवागमन के लिए उपयोग किए जाने वाले इन मार्गों को अब इस आयोजन के माध्यम से पुनर्जीवित करने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य नशा मुक्त खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाना, इको-टूरिज्म को प्रोत्साहित करना तथा प्राकृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण करना है।

इस ट्रेल रन की विशेषता इसकी चुनौतीपूर्ण और रोमांचक भौगोलिक परिस्थितियां हैं। प्रतिभागियों को देवदार के जंगलों, ठंडी हवाओं और लगभग 12,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित दुर्गम रास्तों से गुजरना होगा, जहां उन्हें प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ अपनी सहनशक्ति की भी परीक्षा देनी होगी।

आयोजकों की ओर से Atul Mehta, Hemant Sharma, Lakshya Vrat, Karan Sood, Jininder Mittal, Rahul Sharma एवं Bhopal Madaik ने बताया कि यह ट्रेल रन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि इतिहास, प्रकृति और रोमांच का अद्भुत संगम है, जो प्रतिभागियों को एक अनूठा अनुभव प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल और फिटनेस की ओर प्रेरित करना तथा हिमाचल की प्राकृतिक धरोहर को देश-विदेश तक पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य है।