मुख्यमंत्री ने किया राज्य स्तरीय हरोली उत्सव–2026 का शुभारंभ

ऊना. बैसाखी के उल्लास और लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हरोली में शनिवार को राज्य स्तरीय हरोली उत्सव–2026 का भव्य आगाज़ हुआ। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की उपस्थिति में उत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। यह उत्सव सोमभद्रा नदी के तट पर हरोली मैदान रोड़ा में 11 से 14 अप्रैल तक मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने सोमभद्रा नदी तट स्थित हरोली मैदान, रोड़ा में माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर की पावन ज्योति की पूजा-अर्चना कर आयोजन की शुरुआत की। पूरे क्षेत्र में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इससे पूर्व बस अड्डा परिसर से निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे आयोजन को जनोत्सव में बदल दिया। पारंपरिक पगड़ी पहने मुख्यमंत्री शोभायात्रा में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की थाप, बैंड-बाजों की गूंज और लोक संस्कृति से सजे सांस्कृतिक दलों ने माहौल को जीवंत कर दिया। सड़कों के दोनों ओर उमड़ा जनसैलाब उत्सव के प्रति लोगों के उत्साह का साक्षी बना। मुख्यमंत्री ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ खुली जीप में सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान विधायक राकेश कालिया, सुदर्शन बबलू और विवेक शर्मा भी साथ रहे।
शाम को आयोजित पहली सांस्कृतिक संध्या में मुख्यमंत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने सभी को हरोली उत्सव की शुभकामनाएं देतेवहुए कहा कि यह उत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक जीवन शक्ति का प्रतीक है। ऐसे उत्सव समाज को जोड़ते हैं और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाते हैं।सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास और सांस्कृतिक समृद्धि को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने इसके भव्य आयोजन के लिए उपमुख्यमंत्री के प्रयासों की तारीफ की।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली उत्सव जन-जन का उत्सव है। बैसाखी की खुशियों से भरा यह आयोजन हरोली के लोगों के जीवन में खुशी, ऊर्जा और एकता का संचार करने का माध्यम है। मेले-उत्सव हमारी संस्कृति के मजबूत हिस्से हैं। हमारे प्रयास हैं कि यह पूरी भव्यता से और जनसहभागिता से मनाए जाएं।
पहली सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल ने अपने एक से बढ़ कर एक लोकप्रिय गीतों से समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया और पूरे मैदान में उत्साह का माहौल बना रहा।
बता दें, 12 अप्रैल को पंजाबी स्टार गायक जी खान और प्रभ गिल उत्सव में अपने गानों से धमाल मचाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *