ऊना : हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 18 से 20 अप्रैल तक ऊना जिला के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे हरोली, कुटलैहड़ और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्रों में पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं के लोकार्पण, विकास कार्यों के निरीक्षण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकों में भाग लेंगे। यह जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने दी।
उपमुख्यमंत्री 18 अप्रैल (शनिवार) को हरोली विधानसभा क्षेत्र के तहत 10.30 बजे जलापूर्ति योजना दुलेहड़, 11 बजे उठाऊ सिंचाई योजना पोलियाँ(मोहल्ला झोलाँ), 11.30 बजे ढुग्गे, लूथरे, डिट्टन और ढिलमा के लिए अलग जलापूर्ति योजना, 12 से 12.30 बजे तक उठाऊ सिंचाई योजना बट्ट कलाँ और पलकवाह, 1 बजे लोअर बढेड़ा में वाटर सप्लाई स्कीम के सुदृढ़ीकरण कार्य और 1.30 बजे खड्ड गाँव में मोहल्ला ढंडियाँ में ट्यूबवेलों निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। साथ ही, उप मुख्यमंत्री द्वारा दोपहर बाद 3.30 बजे कुटलैहड विस क्षेत्र में चमियाडी- सिहाना उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण किया जाएगा।
वहीं, अग्निहोत्री 19 अप्रैल को जिला ऊना में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही जल शक्ति विभाग, सहकारिता विभाग, एलएसी, एचआरटीसी तथा परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
इसके अलावा उप मुख्यमंत्री 20 अप्रैल (सोमवार) को चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के तहत दोपहर 12 बजे अरुणवाल गुरेट तथा कोहरछन्न में उठाऊ पेयजल योजनाओं का लोकार्पण करेंगे।