चंबा। चम्बा जिला में हर्ष महाजन द्वारा कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों का आज स्थानीय विधायक नीरज नैय्यर ने जोरदार जवाब दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नैय्यर ने अपने पिछले साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया और महाजन के दावों को तथ्यों के साथ खारिज किया।
दरअसल, हर्ष महाजन पिछले दो दिनों से चंबा दौरे पर हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से जिला की अनदेखी का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों में ऐसा कोई खास काम नहीं हुआ, जिसका श्रेय कांग्रेस ले सके।
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए नीरज नैय्यर ने कहा कि महाजन यह जरूर बता रहे हैं कि उनके विधायक रहते हुए विकास कार्य हुए, लेकिन यह भूल रहे हैं कि वह दौर कांग्रेस सरकार का ही था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उसके बाद 15 साल तक भाजपा के विधायक रहे और उस दौरान चंबा विकास में पीछे चला गया।
नैय्यर ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि चंबा में मेडिकल कॉलेज फेज-1 का कार्य पूरा हुआ, पार्किंग निर्माण शुरू हुआ, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण प्रारंभ हुआ, भट्टी नाला में फ्लाईओवर का काम शुरू किया गया और हेलीपैड निर्माण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई।
उन्होंने कहा कि शायद हर्ष महाजन को ये विकास कार्य नजर नहीं आ रहे, क्योंकि वे भाजपा कार्यकर्ताओं से घिरे हुए हैं और उन्हें सही जानकारी नहीं मिल पा रही।
अंत में नैय्यर ने विश्वास जताया कि आने वाले 15 महीनों में कांग्रेस सरकार का कार्यकाल खत्म नहीं होगा, बल्कि दोबारा सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सुखविंदर सिंह सुखु ही प्रदेश के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।