शिमला। जिला शिमला पुलिस के ASI के टैक्सी ड्राइवर को लात मारने वाले वायरल वीडियो ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक पुलिस अधिकारी द्वारा ट्रैफिक नियमों का पालन न करने पर एक व्यक्ति के साथ अत्यधिक और अनुचित बल प्रयोग करते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की है। जिला शिमला के ASP अभिषेक ने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस ने ‘शून्य सहिष्णुता’ की नीति अपनाते हुए संबंधित सहायक उप-निरीक्षक (ASI) रैंक के अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस के अनुसार यह कदम निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
जिला शिमला के ASP हेडक्वार्टर अभिषेक ने बताया कि मामले में संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस विभाग ने साफ किया है कि किसी भी तरह की लापरवाही या शक्ति के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला पुलिस ने दोहराया है कि वह पेशेवर, विधिसम्मत और मानवीय पुलिसिंग के लिए प्रतिबद्ध है। इन मूल्यों से किसी भी प्रकार का विचलन होने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आम जनता का विश्वास बना रहे और कानून का शासन कायम रह सके।