राज्यपाल से नाबार्ड के प्रतिनिधिमंडल ने की भेंट

SHIMLA…राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से आज लोक भवन में राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक, हिमाचल प्रदेश के मुख्य महाप्रबंधक विवेक पठानिया तथा नाबार्ड के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की।
बैठक के दौरान नाबार्ड के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को प्रदेश में संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न नवाचारों और विकासात्मक गतिविधियों जैसे ग्रामीण अवसंरचना सुदृढ़ीकरण, कृषि, वाटरशैड विकास, वित्तीय समावेशन तथा आजीविका संवर्धन इत्यादि क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों से अवगत करवाया।
राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में ग्रामीण विकास को गति प्रदान करने तथा कृषि अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में नाबार्ड महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि नाबार्ड जैसे संस्थान किसानों के सशक्तिकरण, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण समुदायों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने राज्य में प्राकृतिक खेती, कौशल विकास, ग्रामीण उद्यमिता तथा महिला सशक्तिकरण को और अधिक प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्य में संतुलित एवं सतत विकास सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीण अवसंरचना को मजबूत करना तथा आजीविका के अवसरों के सृजन की दृष्टि से कार्य करना अत्यंत आवश्यक है।
राज्यपाल ने कृषि एवं अन्य सहयोगी क्षेत्रों में उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए अभिनव एवं प्रौद्योगिकी आधारित दृष्टिकोण अपनाने के महत्व पर भी बल दिया। उन्होंने समावेशी विकास में नाबार्ड के योगदान की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्थान भविष्य में भी प्रदेश के समग्र विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *