पंचायती राज चुनाव: ऊना जिले में विभिन्न पदों के लिए 4532 प्रत्याशी मैदान में


ऊना । पंचायती राज चुनावों के तहत ऊना जिले में विभिन्न पदों के लिए कुल 4532 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। नामांकन वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद शुक्रवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आबंटित कर दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया 14 और 15 मई को पूरी हुई। 15 मई को अपराह्न 3 बजे के बाद चुनाव चिन्ह वितरित किए गए।
कुल उम्मीदवारों में जिला परिषद के 17 वार्डों के लिए 45, पंचायत समिति की सीटों के लिए 417, जबकि 249 पंचायतों के लिए प्रधान पद के 882, उपप्रधान पद के 960 तथा वार्ड सदस्य पद के 2228 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पंचायत समिति वार्ड पोलियां बीत-23 से एक प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुई है। वहीं जिले की पांच ग्राम पंचायतें पूरी तरह निर्विरोध चुन ली गई हैं। इनमें ऊना उपमंडल की बीनेवाल और उदयपुर, हरोली उपमंडल की जखेवाल और पंडोगा निचला तथा बंगाणा उपमंडल की बोहरू पंचायत शामिल हैं। इन पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान सहित सभी वार्ड सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा भी विभिन्न पंचायतों में अलग अलग पद पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
गगरेट ब्लॉक में नामांकन वापसी के दोनों दिनों के दौरान प्रधान पद के 17, उपप्रधान के 22, वार्ड सदस्य के 33, पंचायत समिति सदस्य के 3 तथा जिला परिषद के 2 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिए। इसके बाद अब वहां 41 पंचायतों के लिए प्रधान पद के 162, उपप्रधान के 158 तथा वार्ड सदस्य के 366 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसके अतिरिक्त पंचायत समिति सदस्य के 85 तथा जिला परिषद के 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस तरह गगरेट ब्लॉक के तहत विभिन्न पदों के लिए कुल 781 प्रत्याषी चुनाव लड़ रहे हैं।
बंगाणा ब्लॉक में प्रधान पद के 37, उपप्रधान के 74 तथा वार्ड सदस्य के 102 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिए। वहीं पंचायत समिति के 4 और जिला परिषद के एक उम्मीदवार ने भी नामांकन वापस लिया। इसके बाद अब यहां 49 पंचायतों के लिए प्रधान पद के 176, उपप्रधान के 197 तथा वार्ड सदस्य के 463 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा पंचायत समिति के 76 तथा जिला परिषद के 8 उम्मीदवार मैदान में हैं। अब बंगाणा ब्लॉक के तहत विभिन्न पदों के लिए कुल 920 प्रत्याषी चुनावी मैदान में हैं।
ऊना ब्लॉक में प्रधान पद के 79, उपप्रधान पद के 93 तथा वार्ड सदस्य पद के 93 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिए। पंचायत समिति के 13 और जिला परिषद के 2 उम्मीदवारों ने भी नामांकन वापस लिया। अब यहां 54 पंचायतों के लिए प्रधान पद के 149, उपप्रधान के 177 तथा वार्ड सदस्य के 489 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। वहीं पंचायत समिति के 73 तथा जिला परिषद के 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस तरह ऊना ब्लॉक के तहत विभिन्न पदों के लिए कुल 899 प्रत्याषी चुनाव लड़ रहे हैं।
अंब ब्लॉक में प्रधान पद के 9, उपप्रधान के 16, वार्ड सदस्य के 19, पंचायत समिति सदस्य के 3 तथा जिला परिषद के एक उम्मीदवार ने नामांकन वापस लिया। इसके बाद अब यहां 57 पंचायतों के लिए प्रधान पद के 233, उपप्रधान के 259 तथा वार्ड सदस्य के 570 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा पंचायत समिति के 100 तथा जिला परिषद के 7 उम्मीदवार मैदान में हैं। अब अंब ब्लॉक के तहत विभिन्न पदों के लिए कुल 1169 उम्मीदवार हैं।
वहीं, हरोली ब्लॉक में प्रधान पद के 64, उपप्रधान पद के 32, वार्ड सदस्य पद के 52, पंचायत समिति के 11 तथा जिला परिषद के 2 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिए। इसके बाद अब यहां 48 पंचायतों के लिए प्रधान पद के 162, उपप्रधान के 169 तथा वार्ड सदस्य के 340 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा पंचायत समिति के 83 तथा जिला परिषद के 9 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। इस तरह हरोली ब्लॉक के तहत विभिन्न पदों के लिए कुल 763 प्रत्याषी चुनाव लड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *