निरोग जीवन की दिशा में योग 365 बड़ा अभियान, निःशुल्क लाइव योग सत्रों में लोगों को भारी संख्या में जुड़ने की अपील

ऊना। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा देशभर में स्वास्थ्य जागरूकता एवं नियमित योग अभ्यास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में योग365 अभियान के अंतर्गत 100 दिनों का निःशुल्क लाइव योगा सेशन कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान ने हैबिल्ड टेक प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता कर देशभर में 100 दिनों तक निःशुल्क लाइव योग सत्र आयोजित करने की पहल की है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने बताया कि यह अभियान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 से पूर्व बड़े स्तर पर आयोजित किए जाने वाले ऑनलाइन योग कार्यक्रम के साथ संपन्न होगा, जिसमें विश्व रिकॉर्ड बनाने का भी प्रयास किया जाएगा। यह कार्यक्रम 27 मई को आयोजित किया जाना निर्धारित है।

उन्होंने सभी विभागीय कर्मचारियों, उनके परिवारजनों तथा आम नागरिकों से इस जनहितकारी पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है। इच्छुक व्यक्ति ऑनलाइन पंजीकरण कर अथवा टोल फ्री नंबर 18003157008 पर संपर्क कर निःशुल्क लाइव योग सत्रों से जुड़ सकते हैं।

उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक जीवनशैली को भी बढ़ावा देता है। ऐसे में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *