सराज में गरजे पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष, कहा, व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर अभी भी विकास पर ताला लगा रही सुक्खू सरकार

 

मंडी : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद रोड वार्ड के शिल्हीबागी, शिवाखड्ड, बागाचनोगी और भाटकीधार में भाजपा समर्थित प्रत्याशी शिव चंद के पक्ष में सघन जनसंपर्क, प्रचार एवं एक नुक्कड़ जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर तीखे हमले बोले। जयराम ठाकुर ने कहा कि साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी व्यवस्था परिवर्तन का खोखला नारा देने वाली सुक्खू सरकार जनहित में नए संस्थान खोलने के बजाय पूर्व भाजपा सरकार द्वारा खोले गए संस्थानों पर ताले लगाने पर अड़ी हुई है, जिससे पूरे प्रदेश में विकास कार्यों पर पूर्ण विराम लग गया है। उन्होंने आपदा प्रबंधन के मोर्चे पर सरकार को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि प्रदेश में बरसात का मौसम फिर से दस्तक देने वाला है, लेकिन सरकार पिछले साल आपदा के दौरान सड़कों पर गिरा मलबा तक हटाने में नाकाम रही है। ग्रामीण रूटों पर चलने वाली बसें आज भी बंद हैं और सड़कों की दुर्दशा के कारण ग्रामीणों को भारी सामान अपनी पीठ पर लादकर ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उन्होंने अपने 28 वर्षों के राजनीतिक सेवाकाल में हमेशा जनता की मांग पर गांव-गांव तक सड़कें पहुंचाकर लोगों की पीठ का बोझ कम करने का प्रयास किया, लेकिन वर्तमान सरकार एक साल में मलबे की सफाई तक नहीं करवा पाई है। उन्होंने जनता से सीधा सवाल किया कि उन्हें विकास करने वाली सरकार चाहिए या विकास पर ताला लगाने वाली सरकार, क्योंकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकारें विकास की गति को तेज करने के लिए चुनी जाती हैं, न कि सब कुछ बंद करने के लिए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर भाई-भतीजावाद का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी खजाना केवल कुछ खास मित्रों पर लुटाया जा रहा है, जबकि भाजपा विधायकों के क्षेत्रों और स्वयं कांग्रेस के ही विरोधी गुट के विधायकों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है, जिसका खामियाजा कांग्रेस को हालिया स्थानीय निकाय चुनावों में भुगतना पड़ा है।

निकाय चुनावों के परिणामों का ब्योरा देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया है, जिसके तहत भाजपा ने 25 नगर परिषदों में से 18 पर और 22 नगर पंचायतों में से 13 पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इन परिणामों से कांग्रेस के भीतर और मुख्यमंत्री के विरोधी गुट में भारी खलबली मची हुई है, जिसे छुपाने के लिए मुख्यमंत्री आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए झूठे दावे पेश कर जनता को भ्रमित कर रहे हैं और कांग्रेस हाईकमान को खुश करने के लिए मीडिया में रोज फर्जी आंकड़े परोस रहे हैं। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ घोषणा की कि आगामी 31 मई को होने वाले चारों नगर निगमों—मंडी, पालमपुर, धर्मशाला और सोलन के चुनावों में भी भाजपा अपनी जीत का परचम लहराएगी।

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री को जमीनी हकीकत समझने की सलाह देते हुए कहा कि झूठी गारंटियां देने और लगातार झूठ बोलने की आदत के कारण प्रदेश की जनता का कांग्रेस पार्टी से पूरी तरह विश्वास उठ चुका है, जनता ने सरकार के खिलाफ अपना स्पष्ट जनादेश सुना दिया है और अब इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने का पूरा मन बना चुकी है, जिसका स्पष्ट संकेत सराज की जनता के भारी उत्साह और अटूट समर्थन से मिल रहा है कि पंचायती राज चुनावों में भी भाजपा जनसेवा, विकास और मजबूत नेतृत्व के संकल्प के साथ निरंतर जनता के विश्वास पर खरी उतरते हुए एक नया इतिहास रचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *