इंडिया पोस्ट ने डीबीटी के माध्यम से 45,000 करोड़ रुपये वितरित किए; सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 3.8 करोड़ लड़कियां नामांकित

वित्त वर्ष 2025-26 में इंडिया पोस्ट का राजस्व बढ़कर 15,373 करोड़ रुपये हो गया; संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी ने व्यापक परिवर्तन एजेंडा की रूपरेखा प्रस्तुत की


पार्सल और लॉजिस्टिक्स सेवाओं में 70 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई; राजस्व क्षमता 10,000 करोड़ रुपये आंकी गई

निर्बाध डिजिटल डाक सेवाएं प्रदान करने के लिए 5,800 करोड़ रुपये का आईटी 2.0 निवेश

इंडिया पोस्ट ने डीबीटी के माध्यम से 45,000 करोड़ रुपये वितरित किए; सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 3.8 करोड़ लड़कियां नामांकित

व्यापक क्षमता निर्माण अभियान और आधुनिक डाकघरों ने इंडिया पोस्ट के सार्वजनिक इंटेरफेस को नया रूप दिया

नई दिल्ली। संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी ने डीडी इंडिया को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में इंडिया पोस्ट का राजस्व बढ़कर 15,373 करोड़ रुपये हो गया है, जो विभाग के 170 वर्षों के इतिहास में सबसे महत्वपूर्ण वित्तीय उपलब्धियों में से एक है। राज्य मंत्री ने बताया कि 2016 में विभाग का राजस्व लगभग 11,500 करोड़ रुपये था, जिसमें पिछले वर्षों की तुलना में औसतन 200-300 करोड़ रुपये की वार्षिक वृद्धि हुई थी। हालांकि, इस वर्ष राजस्व में अभूतपूर्व रूप से 2,100 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है, जो ऐतिहासिक औसत से लगभग दस गुना अधिक है।

राज्य मंत्री ने इस बदलाव का श्रेय एक सुनियोजित दोहरी रणनीति को दिया, जिसमें शीर्ष-स्तरीय रणनीति के साथ-साथ कुल संभावित बाजार की पहचान, लक्ष्य निर्धारण और जवाबदेही शामिल थी, और कार्यबल की सहभागिता की जमीनी स्तर की रणनीति भी थी। उन्होंने केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व को श्रेय देते हुए कहा कि उन्होंने एक ऐसा संगठनात्मक ढांचा स्थापित किया है जिसने बाधाओं की पहचान की, उन्हें दूर किया और परिणाम दिए।

इसके अलावा, राज्य मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि प्रौद्योगिकी एकीकरण और विस्तारित ई-कॉमर्स साझेदारी के कारण इंडिया पोस्ट के पार्सल और लॉजिस्टिक्स खंड में 70 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान नेतृत्व के कार्यभार संभालने के समय, कुल पार्सल राजस्व लगभग 600 करोड़ रुपये था। ओटीपी-आधारित डिलीवरी, SMS ट्रैकिंग,UPI और डिजिटल भुगतान की सुविधा शुरू होने और प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के साथ B2B गठजोड़ के साथ, अकेले पार्सल सेवाओं से 10,000 करोड़ रुपये तक का राजस्व पैदा होने का अनुमान है।

तेज़ डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए रूट निर्धारण किया गया है, और व्यापक परीक्षण के बाद, इंडिया पोस्ट ने बड़े पैमाने पर जन जागरूकता अभियानों के समर्थन से छह महानगरों में 24 घंटे और 48 घंटे की स्पीड पोस्ट डिलीवरी सेवाएं शुरू की हैं। डॉ. पेम्मासानी ने कहा कि जैसे-जैसे पारंपरिक डाक सेवा का प्रचलन कम होता जा रहा है, लॉजिस्टिक्स और पार्सल सेवाएं विभाग के लिए विकास का प्रमुख क्षेत्र बन गई हैं।

इंडिया पोस्ट के आधुनिकीकरण अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा IT 2.0 के अंतर्गत एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी (APT) पहल के तहत किया गया 5,800 करोड़ रुपये का निवेश है। राज्य मंत्री ने विभाग के पूर्णतः डिजिटल, संपूर्ण सेवाओं के विजन को रेखांकित किया, जिससे नागरिक एक क्लिक में ब्राउज़र के माध्यम से बचत खाते और बीमा पॉलिसियां ​​जैसे PLI और RPLI खरीद सकेंगे, डिजिटल प्रमाणपत्र तुरंत डाउनलोड कर सकेंगे और पूरी हो चुकी पॉलिसी राशि सीधे अपने बैंक खातों में प्राप्त कर सकेंगे, यह सब डाकघर जाए बिना संभव होगा।

डाक बचत खाते, जो देश में सबसे अधिक 4 प्रतिशत ब्याज दर प्रदान करते हैं और प्रमुख वाणिज्यिक बैंकों द्वारा दी जाने वाली लगभग 2.5 प्रतिशत ब्याज दर से काफी अधिक हैं, डिजिटल पहुंच को बढ़ावा देने के इस प्रयास के माध्यम से व्यापक रूप से अपनाए जाने की उम्मीद है। IT 2.0 के अंतर्गत सुरक्षा संरचना में सिस्टम एक्सेस के लिए चेहरे की पहचान, ई-केवाईसी, आधार लिंकिंग और राष्ट्रीय क्लाउड सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूर्ण अनुपालन शामिल है।

इंडिया पोस्ट, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के माध्यम से, वर्तमान में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सालाना लगभग 45,000 करोड़ रुपये का वितरण कर रहा है, जिससे यह देश के सबसे बड़े अंतिम छोर तक वेलफेयर डिलीवेरी चैनलों में से एक बन गया है। मोबाइल फोन, बायोमेट्रिक डिवाइस और प्रिंटर से लैस IPPB प्रतिनिधि ग्रामीण परिवारों को घर-घर जाकर बैंकिंग सेवाएं प्रदान करते हैं, जिनमें धनराशि का वितरण और बिलों का संग्रह शामिल है।

विभाग सुकन्या समृद्धि योजना को पूर्णतया लागू कर रहा है, जिसके अंतर्गत वर्तमान में 3.8 करोड़ बालिकाएं नामांकित हैं। महिला-केंद्रित बचत उत्पाद, स्वयं सहायता समूह (SHG) संपर्क और उच्च ब्याज वाले ग्रामीण बचत खातों को ग्रामीण डाक सेवक नेटवर्क के माध्यम से सक्रिय रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है। लगभग 2.5 लाख कर्मियों का यह नेटवर्क लगभग हर गांव में मौजूद है और राज्य मंत्री ने इसे इंडिया पोस्ट की ‘रीढ़ की हड्डी’ बताया है। डॉ. पेम्मासानी ने यह भी बताया कि विभाग की भविष्य की योजना में DBT लाभार्थियों को जनसांख्यिकी के आधार पर उपयुक्त बीमा और बचत उत्पादों के सुझाव देना शामिल है, जिससे उनकी वित्तीय सुरक्षा और मजबूत होगी।

बुनियादी ढांचे के उन्नयन के साथ-साथ, इंडिया पोस्ट ने अपने कर्मचारियों के लिए एक व्यापक क्षमता निर्माण और व्यवहार परिवर्तन कार्यक्रम शुरू किया है। ग्राहक संपर्क, सेवा वितरण और बिक्री कौशल पर ध्यान केंद्रित करते हुए, प्रत्येक 100 कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी ने इस बात पर जोर दिया कि यह सांस्कृतिक और मानसिकता में बदलाव, लेन-देन-आधारित दृष्टिकोण से ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण की ओर बढ़ना, विभाग के परिवर्तन के लिए उतना ही अभिन्न है जितना कि कोई भी तकनीकी हस्तक्षेप। देशभर में ग्रामीण डाक सेवक सम्मेलन आयोजित किए गए ताकि जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों को सीधे तौर पर शामिल किया जा सके, विभाग की वित्तीय स्थिति को समझाया जा सके और विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में उनकी भूमिका से अवगत कराया जा सके।

इसके साथ ही, इंडिया पोस्ट अपने डाकघर नेटवर्क का व्यापक भौतिक आधुनिकीकरण कर रही है। शहरी डाकघरों का नवीनीकरण किया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक कार्यालय पर 60-70 लाख रुपये का निवेश किया जा रहा है। इनमें डिजिटल काउंटर, सुव्यवस्थित आधार कार्ड अपडेट सेवाएँ और परिसर में साझा कार्यस्थल जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में आधुनिक डाकघर स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें सांस्कृतिक तत्व और डिजिटल सुविधाएँ शामिल हैं ताकि भारत के युवाओं से जुड़ाव स्थापित किया जा सके। ग्रामीण क्षेत्रों में, व्यापक कवरेज पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है, ताकि हर घर तक पहुँचा जा सके, उन्हें लागू योजनाओं में नामांकित किया जा सके और उन्हें उपलब्ध डाक वित्तीय सेवाओं की पूरी जानकारी दी जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *