शिमला समर फेस्टिवल: रिज मैदान पर इस बार नहीं लगेंगे खाने के स्टॉल, स्थानीय व्यापारियों ने फैसले का किया स्वागत

शिमला। इस बार आयोजित होने वाले समर फेस्टिवल के दौरान ऐतिहासिक रिज मैदान पर खाने-पीने के स्टॉल नहीं लगाए जाएंगे। जिला प्रशासन ने स्थानीय व्यापारियों के लगातार आग्रह और मांग को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण फैसला लिया है। प्रशासन के इस निर्णय से शहर के होटल, रेस्टोरेंट और स्थानीय कारोबारियों में खुशी का माहौल है।
प्रदेश व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष इंद्र जीत ने सभी व्यापारियों की ओर से जिला प्रशासन और जिला शिमला उपायुक्त का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से स्थानीय व्यापारी इस मुद्दे को प्रशासन के समक्ष उठा रहे थे, क्योंकि समर फेस्टिवल के दौरान बाहरी लोगों को रिज मैदान पर खाने के स्टॉल लगाने की अनुमति दी जाती थी, जिससे स्थानीय व्यापार बुरी तरह प्रभावित होता था।
इंद्रजीत सिंह ने कहा कि समर फेस्टिवल के दौरान हजारों पर्यटक शिमला पहुंचते हैं। ऐसे में यदि रिज मैदान पर बाहरी कारोबारियों को स्टॉल लगाने की अनुमति मिलती है तो शहर के होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों के व्यवसाय पर सीधा असर पड़ता है। स्थानीय व्यापारी पूरे साल पर्यटन सीजन पर निर्भर रहते हैं और ऐसे आयोजनों में उन्हें व्यापार बढ़ने की उम्मीद होती है, लेकिन बाहरी स्टॉल लगने से उनका कारोबार प्रभावित हो जाता था।
उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल ने कई बार जिला प्रशासन से आग्रह किया था कि स्थानीय व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस व्यवस्था में बदलाव किया जाए। अब प्रशासन द्वारा लिया गया यह फैसला व्यापारियों के हित में एक बड़ी राहत साबित होगा।
प्रदेश व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष ने कहा कि यह निर्णय न केवल स्थानीय कारोबार को मजबूती देगा, बल्कि हिमाचली संस्कृति और खानपान को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने शहर के सभी होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों से अपील करते हुए कहा कि समर फेस्टिवल के दौरान अपने प्रतिष्ठानों में पारंपरिक हिमाचली व्यंजन जरूर परोसें, ताकि बाहर से आने वाले पर्यटक हिमाचल की समृद्ध संस्कृति और स्वाद से रूबरू हो सकें।
उन्होंने कहा कि हिमाचली धाम और पारंपरिक व्यंजन प्रदेश की पहचान हैं और पर्यटन के साथ स्थानीय संस्कृति को जोड़ना समय की जरूरत है। इससे स्थानीय उत्पादों और कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।
इंद्रजीत सिंह ने कहा कि व्यापारियों की मांग को गंभीरता से सुनने और सकारात्मक निर्णय लेने के लिए व्यापार मंडल जिला प्रशासन और उपायुक्त का विशेष रूप से आभारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी स्थानीय व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *