बिलासपुर। जिला परिषद बरमाना वार्ड नंबर 10 वार्ड से विजयी हुए अशोक शर्मा ने इतिहास रचते हुए इस सीट को पहली बार भाजपा की झोली में डालने में सफलता हासिल की। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उन्होंने बिलासपुर में अपने शीर्ष नेताओं का आभार व्यक्त कर उनका आशीर्वाद लिया, जिसके बाद वह अपने पैतृक गांव कसोल पाटटी के लिए रवाना हुए।
रास्ते में जगह-जगह समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। सबसे पहले बागी बिनौला में फूल-मालाओं और भारत माता की जय” के नारों के साथ उनका अभिनंदन किया गया। इसके बाद देवली पंचायत, बेरी और बरमाना ग्राम पंचायत में भी लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
हरनोडा पंचायत पहुंचने पर समर्थकों का उत्साह चरम पर दिखा जहां उन्हें कंधों पर उठाकर जयघोष किए गए। इसके उपरांत उन्होंने ग्राम पंचायत जमथल और चम्यौन गांव में पहुंचकर लोगों का आभार जताया और आशीर्वाद लिया। कसोल गांव के नाले के पास भी ग्रामीणों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
अंत में अपने घर पाटी पहुंचने पर उनकी माता, परिजनों, रिश्तेदारों और मतदाताओं ने उनका भव्य स्वागत किया और मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर अशोक शर्मा ने कहा कि यह जीत उनकी नहीं बल्कि क्षेत्र की जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जो लोग उनके साथ रहे वे उनके आभारी हैं वहीं जो अन्य प्रत्याशियों के समर्थक थे, उन्हें भी साथ लेकर चलने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी गिले-शिकवे भुलाकर क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने भावुक होकर कहा कि करीब ढाई दशक पहले उनके भाई शशि शर्मा ने जिला परिषद सदस्य बनने का सपना देखा था जो आज जनता के आशीर्वाद से साकार हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता गरीब और अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को आगे बढ़ाने की रहेगी।