
शिमला। पिछले कुछ दिनों से विश्वविद्यालय परिसर में एक लंगूर छात्रों और कर्मचारियों पर लगातार हमला कर रहा था, जिससे कई लोगों को चोटें पहुंचने की घटनाएं सामने आई थीं। लंगूर के बढ़ते आक्रामक व्यवहार से परिसर में भय का माहौल बना हुआ था और विद्यार्थियों के साथ-साथ कर्मचारी भी असुरक्षित महसूस कर रहे थे।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जानकारी वन्यजीव (वाइल्ड लाइफ) विभाग को दी थी। सूचना मिलने के बाद विभाग ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की और बुधवार को वाइल्ड लाइफ विभाग की एक टीम परिसर पहुंची। टीम ने काफी प्रयासों के बाद उक्त लंगूर को सुरक्षित तरीके से काबू कर लिया और उसे अपने साथ ले गई।
लंगूर को पकड़ लिए जाने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन ने वाइल्ड लाइफ विभाग की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंताएं काफी हद तक दूर हुई हैं।