कुल्लू ..अवैध शराब के परिवहन, भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत राज्य कर एवं आबकारी विभाग, कुल्लू द्वारा जिला के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच एवं सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभागीय टीम ने दो अलग-अलग मामलों का पता लगाते हुए कुल 45 पेटी शराब बरामद करने में सफलता प्राप्त की।
उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी, कुल्लू, मनोज डोगरा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई विभाग की एक विशेष टीम द्वारा की गई, जिसमें फूल चन्द राणा, सहायक आयुक्त (आबकारी), कुल्लू पंकज राणा, सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी (आबकारी), राकेश कुमार, सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी, सुरेश कुमार शर्मा, सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी, बंजार, देश राज, मानद मुख्य आरक्षी अशोक कुमार, व आरक्षी खीमा राम मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि पहले मामले में तलोगी, कुल्लू के समीप एक कार से देशी शराब 18 पेटी, अंग्रेजी शराब 2 पेटी, बीयर 3 पेटी सहित कुल बरामदगी 23 पेटी की गई। वहीं दूसरे मामले में रामशिला, कुल्लू स्थित एक टिन शेड से देशी शराब 12 पेटी, अंग्रेजी शराब 01 पेटी, बीयर 9 पेटी सहित कुल बरामदगी 22 पेटी की गयी। दोनों मामलों में बरामद शराब को मौके पर विधिवत जब्त कर लिया गया है तथा हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आगामी जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य कर एवं आबकारी विभाग, कुल्लू अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण, राजस्व संरक्षण तथा आबकारी कानूनों के सख्त अनुपालन के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे विशेष प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे। उन्होंने ने आम जनता से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन अथवा बिक्री संबंधी किसी भी सूचना को विभाग के साथ साझा कर कानून के प्रभावी क्रियान्वयन एवं राजस्व संरक्षण में अपना सहयोग प्रदान करें।