सामाजिक उत्थान और ‘नशा छोड़ो – खेल खेलो’ के संकल्प के साथ होगा खेल महाकुंभ का समापन
हार्मनी ऑफ़ पाईन्स’ बिखेरेगा सुरों का जादू
शिमला.हिमालयन स्पोर्ट्स एंड कल्चरल यूथ सोसायटी शिमला द्वारा आयोजित और युवाओं को नशे से दूर रखने की एक सशक्त मुहिम बन चुके ‘शिमला क्रिकेट कार्निवल’ का आज 14 जून (रविवार) को शानदार समापन होने जा रहा है। शाम 7 बजे पुलिस ग्राउंड भराड़ी में आयोजित होने वाले इस भव्य समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस अवसर पर शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री हरीश जनारथा जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
‘हार्मनी ऑफ़ पाईन्स’ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
समापन समारोह को और भी यादगार बनाने के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी विशेष पहचान बना चुका हिमाचल प्रदेश पुलिस का सुप्रसिद्ध ऑर्केस्ट्रा बैंड “हार्मनी ऑफ़ पाईन्स” अपनी शानदार प्रस्तुति देगा। यह प्रस्तुति नशे के खिलाफ पुलिस और समाज की एकजुटता का प्रतीक है। इसके साथ ही ब्रास बैंड की धुनें और विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी इस शाम का मुख्य आकर्षण रहेंगे।
विशाल जन-भागीदारी: समाज के हर वर्ग ने लिया हिस्सा
यह टूर्नामेंट केवल एक खेल प्रतियोगिता न रहकर एक सामाजिक आंदोलन में तब्दील हो चुका है। इस कार्निवल में समाज के हर वर्ग से तकरीबन 1000 से अधिक युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया है:
* **वार्ड स्तर:** शिमला नगर निगम क्षेत्र के 34 वार्डों को 4 ज़ोन में बांटकर कुल 42 टीमों ने हिस्सा लिया।
* **डिपार्टमेंटल नॉकआउट:** विभिन्न सरकारी विभागों, बोर्ड, निगमों, बैंकों, बार एसोसिएशन व मीडिया जगत की 35 टीमों ने संस्थागत लीग में अपना दमखम दिखाया।
* **महिला सशक्तिकरण:** महिला एथलीटों को सशक्त रोल मॉडल के रूप में पेश करने के उद्देश्य से 4 विशेष महिला टीमों ने इस कार्निवल में हिस्सा लिया।
* **’सनराइजऱ् रीबर्थ’ (एक नई शुरुआत):** नशे के खिलाफ इस जंग में सबसे प्रेरणादायक हिस्सा “सनराइजऱ् रीबर्थ” टीम की भागीदारी रही, जिसमें नशामुक्ति केंद्र (Rehabilitation Center) में स्वास्थ्य लाभ ले रहे युवाओं ने हिस्सा लिया।
फाईनल खेलेंगी सचिवालय, फारमा-XI, XI किंग्ज़ टूटी कंडी, परिवर्तन फ़ाऊंडेशन कसुंपटी की टीमें
रविवार को वार्ड फ़ॉर्मेट के फाईनल मुक़ाबले में परिवर्तन फ़ाउंडेशन कसुंपटी और इलेवन किंग्स टूटी कंडी की टीमें भिड़ेंगी, वहीं साथ ही डिपार्टमेंट फ़ॉर्मेट में फार्मा इलेवन व हिमाचल प्रदेश सचिवालय के बीच फ़ाइनल मुक़ाबला खेला जाएगा। साथ ही महिला फ़ॉर्मेट में प्रेस, आरकेएमवी, ताराहॉल व टीम हैट्रीक शिमला के बीच मुक़ाबले होंगे।
**सामाजिक उत्थान की परिकल्पना का साकार रूप**
शिमला क्रिकेट कार्निवल का मूल उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना और उन्हें नशे के अंधकार से निकालकर खेल के मैदान तक लाना है। “नशा छोड़ो – खेल खेलो” के मुख्य संदेश के साथ, ‘सनराइजऱ् रीबर्थ’ टीम का खेलना इस बात का प्रमाण है कि यदि सही अवसर और मंच मिले, तो कोई भी युवा समाज की मुख्यधारा में लौटकर एक बेहतर जीवन की शुरुआत कर सकता है।
इस खेल महाकुंभ ने न केवल शिमला को नशामुक्त करने का एक मजबूत मॉडल पेश किया है, बल्कि “हर डॉट बॉल पर एक पेड़” (Every Dot Ball, One Tree) के संकल्प के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। आज शाम का यह समापन समारोह एक बेहतर, स्वस्थ और हरित शिमला के निर्माण के इस सामूहिक संकल्प का जश्न होगा।