भारतीय पेसापालो विश्व कप टीम चयन परीक्षण एवं प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न

 

कुनिहार. भारतीय पेसापालो (डंडगेंद) टीम के चयन हेतु विश्व कप चयन परीक्षण एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 12 जून से 16 जून 2026 तक पदम सिंह मेमोरियल स्टेडियम, कुनिहार, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश में सफलतापूर्वक किया गया।

इस शिविर का आयोजन पेसापालो एसोसिएशन ऑफ हिमाचल प्रदेश द्वारा किया गया। शिविर के सफल संचालन हेतु गो ग्लोबल पेसापालो डेवलपमेंट फाउंडेशन ने महत्वपूर्ण आर्थिक सहयोग प्रदान किया। फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध कराई गई वित्तीय सहायता के कारण ही राष्ट्रीय स्तर के इस प्रशिक्षण एवं चयन शिविर का सफल आयोजन संभव हो सका। आयोजन समिति ने संस्था के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।

इस शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन, तकनीकी कौशल, फिटनेस, अनुशासन एवं खेल भावना का मूल्यांकन किया गया।

चयन समिति द्वारा कुल 72 खिलाड़ियों का चयन किया गया, जिसमें—

– पुरुष वर्ग के लिए 24 खिलाड़ी
– महिला वर्ग के लिए 24 खिलाड़ी
– मिक्स्ड इवेंट के लिए 12 लड़के एवं 12 लड़कियाँ

शामिल हैं।

चयनित खिलाड़ियों में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, चंडीगढ़, उत्तराखंड, दिल्ली, बिहार, जम्मू-कश्मीर, केरल, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी शामिल हैं।

इन 72 खिलाड़ियों में से अंतिम रैंकिंग एवं प्रदर्शन के आधार पर—

– 16 खिलाड़ी पुरुष टीम के लिए
– 16 खिलाड़ी महिला टीम के लिए
– 8 लड़के एवं 8 लड़कियाँ मिक्स्ड इवेंट टीम के लिए

चयनित किए गए हैं। इस प्रकार कुल 48 खिलाड़ी भारतीय स्क्वाड का हिस्सा बने हैं।

इन खिलाड़ियों के साथ कोच, सहायक कोच, मैनेजर, सहायक मैनेजर, चीफ कोऑर्डिनेटर एवं सचिव सहित कुल 63 सदस्यीय भारतीय दल आगामी 2 अक्टूबर से 5 अक्टूबर 2026 तक सिडनी, ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाले 12वें पेसापालो विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।

भारतीय टीम चयन समिति

–  ललित कुमार – भारतीय टीम चयनकर्ता
– अंकित परब – भारतीय टीम चयनकर्ता
–  मरियम एडागी – भारतीय टीम चयनकर्ता
–  विनोद सिंह – भारतीय टीम चयनकर्ता
–  सचिन त्यागी – भारतीय टीम चयनकर्ता

चयन समिति ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से खिलाड़ियों का चयन किया।

भारतीय पेसापालो टीम ने वर्ष 2017 एवं 2019 में आयोजित विश्व कप के मिक्स्ड इवेंट वर्ग में कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था। इस बार भी पुरुष, महिला एवं मिक्स्ड इवेंट की टीमों से उत्कृष्ट प्रदर्शन और पदक जीतने की उम्मीद की जा रही है।

भारतीय पेसापालो परिवार को पूर्ण विश्वास है कि भारतीय दल सिडनी में आयोजित विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *