SHIMLA.. जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति की इस तिमाही की बैठक बचत भवन कुल्लू के सभाकक्ष में आयोजित की गई । बैठक सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर की अध्यक्षता तथा प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक, अखाड़ा बाजार कुल्लू, शिवेंद्र प्रताप सिंह की सह अध्यक्षता में सम्पन्न हुई ।बैठक की अध्यक्षता करते हुए सहायक आयुक्त ने सभी से आग्रह किया की वे समस्त सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करे। उन्होंने कहा कि इस के लिए जागरूकता अभियान बढाने का प्रयास करे तथा वित्तीय साक्षरता कैंप समय समय पर विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए लगाए।

उन्होंने कहा की किसी भी विभाग या बैंक की यदि कोई बड़ी बैठक होती हे तो वे अपने बैंक की योजनाएं तथा इस का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में ग्रामीण क्षेत्र में जा कर लोगों को इसकी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण तथा युवाओं के उद्यमिता विकास के बारे में जनता तक जानकारी पहुंचाने के लिए कार्य करने की आवश्यकता है।
उन्होंने बैंकों से आग्रह किया की गुणवत्ता के आधार पर अधिक से अधिक ऋण प्रदान करे व वित्तीय वर्ष के सभी लक्ष्य प्राप्त करने का अनुरोध किया तथा साथ ही उन्होंने सभी बैंकों को ऋण जमा अनुपात में उत्तरोत्तर वृद्धि करने के निर्देश दिए | उन्होंने बैंकों के अनर्जक आस्तियों पर चिंता व्यक्त किया तथा वसूली में प्रशासन द्वारा सहयोग करने का आश्वासन दिया।
शिवेंद्र प्रताप सिंह ने अध्यक्ष जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति कुल्लू का स्वागत करते हुए सभा को संबोधित किया तथा सभी बैंकों एवं विभागों के पदाधिकारियों को आपसी सामंजस्य के साथ काम करने के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि जिले की 31 मार्च 2026 को बैंकों में कुल जमा राशि 11173.95 करोड़ रुपये एवं कुल ऋण 5364.10 करोड़ रुपये है। जिले की ऋण जमा अनुपात 48.01% है।
अग्रणी जिला प्रबंधक, राजेंद्र कुमार ने वर्तमान वित्त वर्ष 2025-26 के चौथी तथा अंतिम तिमाही 31 मार्च 2026 के प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में पहले तिमाही 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक जिले में कुल 3316.67 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए हैं जो वार्षिक लक्ष्य 3803.00 करोड़ रुपये का 87.21% है। जिस में कृषि क्षेत्र में 1345.48 करोड़ रुपये, उद्योग एवं व्यवसाय क्षेत्र में Rs 921.23 करोड़, आवास ऋण 53.47 करोड़ रुपये, शिक्षा ऋण 3.26 करोड़ रुपये, अन्य प्राथमिकता क्षेत्र में 16.76 करोड़ रूपये तथा गैर प्राथमिकता क्षेत्र में 974.84 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए। जिले में बैंकों द्वारा सामाजिक सुरक्षा योजना में अब तक प्रधान मंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत कुल 84005, प्रधान मंत्री सुरक्षा बीमा के अंतर्गत 204662 और अटल पेंशन योजना के अंतर्गत 39764 खाताधारकों को पंजीकृत किया गया। अग्रणी जिला प्रबंधक ने बताया कि 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक एक महीने सभी पंचायतों, नगर पंचायत एवं नगर परिषद में सामाजिक सुरक्षा से सम्बंधित विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा जिसमें प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधान मंत्री सुरक्षा बीमा, अटल पेंशन योजना, री-केवाईसी, बैंक खातों में नामांकन सुविधा एवं प्रधान मंत्री जन धन योजना के बारे में जानकारी दी जाएगी। बैठक में आरबीआई शिमला से एलडीओ आशीष कुमार,डीडीएम नाबार्ड श्रीमती अनीता देवी , सरकारी विभागों के प्रमुख, सभी बैंकों के डीसीओ एवं संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया ।