राहुल गांधी के विजन को गांव-गांव तक पहुंचाएंगे, संगठन को मजबूत करना पहली प्राथमिकता
शिमला, 24 जून। जिला शिमला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के नव नियुक्त अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने पदभार संभालते ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प दोहराया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरेंगे तथा राहुल गांधी के विजन और पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम करेंगे।

हिमराल ने अपनी नियुक्ति पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, एआईसीसी सचिव चेतन चौहान और विदित चौधरी, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, वरिष्ठ नेता एवं ठियोग विधायक कुलदीप सिंह राठौर, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, रोहड़ू विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, रामपुर विधायक नंद लाल सहित हिमाचल कांग्रेस के सभी नेताओं का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि जिला शिमला ग्रामीण अध्यक्ष का दायित्व संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और वह कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जिला शिमला ग्रामीण में कांग्रेस नए उत्साह और ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी।
उल्लेखनीय है कि हरिकृष्ण हिमराल वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी में महासचिव के पद पर कार्यरत हैं। इसके अलावा वह हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के निदेशक मंडल के सदस्य भी हैं।