शिमला। जिला शिमला पुलिस के नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना रामपुर और न्यू शिमला के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की गई है। पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आधार पर न केवल चिट्टा/हेरोइन बरामद की, बल्कि इसके सप्लाई नेटवर्क से जुड़े कई आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। ASP सिटी मेहर पंवर ने बताया कि पहले मामले में 23 जून 2026 को डिटेक्शन सेल रामपुर की टीम ने भैरा खंड सड़क स्थित एनएच-05 के पास गश्त के दौरान मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर एक संदिग्ध वाहन को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार अनिल रिबल्टा, प्रशांत मैहता और तेजस्वी के कब्जे से 25 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में पुलिस थाना रामपुर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन विश्लेषण, सीडीआर, आईपीडीआर और वित्तीय लेन-देन की जांच के आधार पर नशा आपूर्ति श्रृंखला की कड़ियों को जोड़ा। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों ने चिट्टा खरीदने के लिए नवदीप मेहता उर्फ पियूष से संपर्क किया था और उसे 11 हजार रुपये भी ट्रांसफर किए थे। आगे की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि नवदीप मेहता ने सचिन गौर के माध्यम से यह खेप उपलब्ध करवाई थी।
इसके बाद गठित विशेष पुलिस दल ने पंजाब के जीरकपुर में दबिश देकर 24 जून को नवदीप मेहता उर्फ पियूष को गिरफ्तार किया। वहीं, मामले के मुख्य सप्लायर बताए जा रहे सचिन गौर को भी डकोली, जीरकपुर से एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
ASP सिटी मेहर पंवर ने बताया कि दूसरे मामले में 20 जून 2026 को स्पेशल सेल शिमला की टीम ने कनलोग क्षेत्र के एक होम स्टे में ठहरे गोपाल कुमार के कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां से करीब 16 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में पुलिस थाना न्यू शिमला में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आगे की जांच में तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के विश्लेषण के आधार पर एक अन्य आरोपी गुरुवचन उर्फ गुरु की संलिप्तता सामने आई। विशेष पुलिस टीम ने 23 जून को मोहाली में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से करीब 162 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गुरुवचन उर्फ गुरु एक संगठित नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था, जो लोकेशन के आधार पर शिमला के विभिन्न क्षेत्रों में चिट्टा की आपूर्ति करता था। प्रारंभिक जांच के अनुसार वह अपने किराए के फ्लैट में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ संग्रहित रखता था और मांग के अनुसार इसकी आपूर्ति करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इन दोनों मामलों में अब तक कुल लगभग 203 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई केवल बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से सप्लाई चेन से जुड़े सभी आरोपियों तक पहुंच बनाई जा रही है। जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान को आगे भी इसी तरह जारी रखने की बात कही है।