Shimla.. अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी निवारण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पूरे हिमाचल प्रदेश में ‘एंटी-चिट्टा दिवस’ मनाया गया। इस दौरान राज्य सरकार और हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रदेश के 10 स्थानों पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत जब्त किए गए करीब 13.28 करोड़ रुपये के अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य वाले मादक पदार्थों को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। कार्यकारी मुख्य सचिव के.के. पंत ने कहा कि प्रदेश में भविष्य में होने वाली सभी सरकारी भर्तियों के लिए एंटी-चिट्टा टेस्ट अनिवार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिट्टे के खात्मे के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है और इस अभियान में सभी जिलों के उपायुक्तों (डीसी) की परफॉर्मेंस भी आंकी जाएगी।
के.के. पंत ने कहा कि प्रदेश में चिट्टे की बड़ी-बड़ी खेप पकड़ी जा रही हैं। केवल तस्करों पर ही नहीं, बल्कि वित्तीय जांच (फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन) के जरिए दूर बैठे किंगपिन तक भी पुलिस पहुंच रही है और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, एडीजीपी पुलिस ज्ञानेश्वर सिंह ने कहा कि दिल्ली में आयोजित एनकॉर्ड (NCORD) बैठक में भी इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि चिट्टा मुख्य रूप से पंजाब के रास्ते हिमाचल पहुंच रहा है। इसे रोकने के लिए हिमाचल पुलिस केंद्रीय और अन्य बड़ी एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इंटर-स्टेट ड्रग सचिवालय के गठन के बाद कार्रवाई और अधिक प्रभावी हुई है तथा पुलिस किंगपिन से लेकर नशे के उपभोक्ताओं तक पहुंच रही है।
डीजीपी अशोक तिवारी ने कहा कि प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वहीं, उत्तराखंड में निहंग से जुड़े मामले पर उन्होंने कहा कि हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर पूरी तरह शांति है। हिमाचल पुलिस उत्तराखंड पुलिस के लगातार संपर्क में है और सीमा क्षेत्रों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि चिट्टा या अन्य मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री, भंडारण अथवा सेवन से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाने को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।