गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के जरिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने गिनवाईं सरकार की योजनाएं

शिमला। सरकारी योजनाओं की जानकारी को मनोरंजक और प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुमोदित मन्नत कला मंच, कुल्लू के कलाकारों ने बुधवार को कुल्लू विधानसभा क्षेत्र की बंदल पंचायत के हलेणी तथा चताणी पंचायत के लारी गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
  कलाकारों ने लोकगीतों, गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए शिक्षा, स्वरोजगार, आवास, स्वास्थ्य, सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण तथा अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन जैसी योजनाओं की जानकारी सरल, रोचक और प्रभावशाली शैली में दी गई। कलाकारों ने लोगों से अपील की कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने परिवार और समाज के विकास में भागीदार बनें।
   कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर भी प्रभावशाली प्रस्तुति दी। गीतों और संवादों के माध्यम से बताया गया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया गया।
   जागरूकता कार्यक्रम में बंदल पंचायत के प्रधान बलदेव राज, उपप्रधान दीनदयाल ठाकुर, वार्ड पंच त्रिलोक चंद, महिला मंडल एवं युवा मंडल के सदस्य तथा चताणी पंचायत की प्रधान जयदेई, वार्ड पंच दूनी चंद, जौड़ा महिला मंडल, शिव युवा मंडल के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।