शिमला लौटते सीएम सुक्खू की दोटूक: एकजुट है कांग्रेस, जल्द होगा मंत्रिमंडल विस्तार; 2027 में भाजपा नही आएगी सत्ता में

शिमला। दिल्ली दौरे से लौटने के तुरंत बाद हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में आयोजित कांग्रेस पार्टी के ‘जनरल हाउस’ (प्रदेश कार्यकारिणी) की अहम बैठक में भाग लिया। इस बैठक का आयोजन नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार द्वारा किया गया था, जिसमें पार्टी के सभी जिला और ब्लॉक अध्यक्षों सहित वरिष्ठ मंत्रियों ने शिरकत की। बैठक में आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने और संगठन को और अधिक मजबूत करने पर मंथन किया गया।वहीं CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जहां मंत्रिमंडल विस्तार की बात कही वही विपक्ष पर भी निशाना साधा और कहा 2027 में BJP सत्ता में नही आएगी।

​मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राजनीति में कोई भी ‘मिशन रिपीट’ पहले से तय नहीं होता, बल्कि यह प्रदेश की जनता तय करती है। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ दावा किया कि साल 2027 के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की सत्ता में वापस नहीं आने वाली है। इतना ही नहीं, सुक्खू ने कहा कि भविष्य में भाजपा के विधायकों की संख्या वर्तमान संख्या से भी काफी कम हो जाएगी, क्योंकि जनता उनके नकारात्मक एजेंडे को समझ चुकी है
​ मुख्यमंत्री ने पार्टी और मंत्रिमंडल के भीतर चल रहे कथित मनमुटाव की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि संगठन में कोई आपसी मतभेद नहीं है। कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव निगम भंडारी के बयानों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र और पार्टी के भीतर विचारों की भिन्नता होना एक सामान्य प्रक्रिया है, इसे मनमुटाव नहीं कहा जा सकता। उन्होंने मीडिया द्वारा लगाए जा रहे आलाकमान पर सवाल उठाने के आरोपों को मनगढ़ंत कहानी करार दिया।
​ इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने संकेत दिए कि हिमाचल प्रदेश सरकार में खाली पड़े मंत्रिमंडल के पद को जल्द ही भरा जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी 16 और 17 जुलाई को ‘पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी’ की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। यदि राज्य में मौसम अनुकूल रहा, तो इस बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार की रूपरेखा और अन्य आगामी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
​राम मंदिर के मुद्दे पर अपनी सरकार का कड़ा रुख स्पष्ट करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भगवान राम हमारी आस्था के केंद्र और आराध्य हैं। उन्होंने याद दिलाया कि जब अयोध्या में राम मंदिर का शुभारंभ हुआ था, तब उनकी सरकार ने हिमाचल प्रदेश में पूरे दिन के सरकारी अवकाश की घोषणा की थी। उन्होंने इस गंभीर मुद्दे पर दो टूक शब्दों में कहा कि भगवान के नाम पर राजनीति करने वाले और चंदे की चोरी करने वाले लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।