
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और आगामी दिनों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 20 और 21 जुलाई को प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश होगी, जबकि कुछ जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि 20 जुलाई के लिए चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और कुल्लू जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट रहेगा। चंबा, कांगड़ा और ऊना में रविवार रात के दौरान भी भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 21 जुलाई को भी मौसम की स्थिति लगभग समान रहेगी। इस दिन चंबा, मंडी, सिरमौर और कुल्लू जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर में भी एक-दो स्थानों पर तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं, जिससे अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) जैसी परिस्थितियां बनने की आशंका है।
संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 22 जुलाई को ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके बाद 23 और 24 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में 26 जुलाई तक अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है।
तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान ऊना में 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। शिमला, सोलन और धर्मशाला में दिन का तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि मंडी, हमीरपुर और बिलासपुर में 30 से 34 डिग्री सेल्सियस तक तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के समीप न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।