नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान के नेतृत्व में आयोग का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल 26 से 30 जुलाई, 2026 तक जिला शिमला के दौरे पर रहेगा। प्रतिनिधिमंडल में आयोग के सदस्य दिग्विजय मल्होत्रा (अधिवक्ता), डॉ. विजय डोगरा (अधिवक्ता) तथा शैलजा जम्वाल (अधिवक्ता) शामिल रहेंगे।
दौरे के दौरान आयोग अनुसूचित जाति समुदाय के कल्याण, अधिकारों के संरक्षण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करेगा। आयोग 27 जुलाई को सफाई कर्मचारी कल्याण से जुड़े गैर-सरकारी संगठनों, सफाई कर्मचारियों तथा नगर निगम शिमला के अधिकारियों के साथ नगर निगम कार्यालय में बैठक करेगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, आईजीएमसी, अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी (एआईएमएसएस), रजिस्ट्रार एपीजी शिमला विश्वविद्यालय तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।
इसी प्रकार, 28 जुलाई को आयोग अनुसूचित जाति समुदाय के लिए कार्यरत गैर-सरकारी संगठनों, नगर निगम के निर्वाचित प्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, जिला परिषद एवं बीडीसी सदस्यों तथा आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के साथ उपायुक्त कार्यालय के बचत भवन में संवाद कर जमीनी स्तर पर संचालित योजनाओं एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त करेगा।
29 जुलाई को बचत भवन में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में अनुसूचित जातियों के विरुद्ध अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित मामलों, अनुसूचित जाति विकास योजनाओं के अंतर्गत व्यय एवं प्रगति तथा अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।