करसोग की ग्राम पंचायत खादरा और कुठेहड़ में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का किया प्रचार-प्रसार,,कलाकारों ने नुक्कड़-नाटक व गीत-संगीत के माध्यम से सरकार की योजनाओं के प्रति किया जागरूक

करसोग। उपमंडल करसोग की ग्राम पंचायत खादरा और कुठेहड़ में राज्य सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के उत्थान के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा विशेष प्रचार कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर कामाक्षा सांस्कृतिक लोक कला मंच के कलाकारों ने ग्राम पंचायत खादरा के धमून और ग्राम पंचायत कुठेहड़ में नुक्कड़ नाटक व गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर अंतरजातीय विवाह पुरस्कार योजना, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, स्वरोजगार योजना, दलित वर्ग व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम, शिक्षा ऋण योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। साथ ही पात्र लाभार्थियों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान भी किया गया

कामाक्षा सांस्कृतिक लोक कला मंच के कलाकारों ने प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे के एंटी-चिट्टा अभियान के बारे में पंचायत के लोगों को जागरूक किया। इस दौरान कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से चिट्टा एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों व नशे से दूर रहने के बारे में जानकारी दी। कलाकारों ने नशामुक्ति का संदेश देते हुए लोगों को नशे से बचाव और रोकथाम के उपायों से भी अवगत कराया।

इस अवसर पर कामाक्षा सांस्कृतिक लोक कला मंच की प्रधान चम्पा सागर, कलाकार लता ठाकुर, तारा चौहान, देवराज शर्मा, बलदेव चौहान, राज कुमार, हितेंद्र कुमार, कमल व हीरा सिंह सहित ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे ।