सार्वजनिक परीक्षा संशोधन विधेयक-2026 के लोकसभा में पारित होने पर बोले नेता प्रतिपक्ष: यह ऐतिहासिक कदम करोड़ों मेहनती और ईमानदार अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा करेगा

शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और उनकी सरकार की पारदर्शी, जवाबदेह एवं युवा-केंद्रित कार्यशैली का एक और महत्वपूर्ण प्रमाण है कि आज विपक्ष के भारी हंगामे के बीच सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक-2026 लोकसभा में पारित हो गया है। यह ऐतिहासिक कदम करोड़ों मेहनती और ईमानदार अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा करेगा तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और पेपर लीक तथा परीक्षा में धांधली करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस जनहितकारी और दूरदर्शी पहल के लिए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्र सरकार को हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन। यह निर्णय देश के युवाओं के सपनों की सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।