शिमला में भाजपा की तिरंगा यात्रा… हर घर तिरंगा का संदेश,,संसद में गतिरोध को लेकर कांग्रेस पर बरसे सांसद सुरेश कश्यप, बोले- जनता की गाढ़ी कमाई हो रही जाया

शिमला। स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने आज शिमला में तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा सांसद सुरेश कश्यप सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। तिरंगा यात्रा सीटीओ चौक से शुरू हुई और शेर-ए-पंजाब, मालरोड होते हुए रिज मैदान पहुंची। हाथों में तिरंगा लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय के नारे लगाए।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगे के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भाजपा संगठन की ओर से देशभर में जिला मुख्यालयों और विधानसभा स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। जयराम ठाकुर ने लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने घरों पर तिरंगा लगाने का भी आह्वान किया।

वहीं, भाजपा सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि देश में देशभक्ति का माहौल बने और पूरा देश एकता के सूत्र में बंधे, इसी उद्देश्य से देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगे की रक्षा के लिए अनेक वीरों ने अपना जीवन बलिदान किया है। ऐसे में हर घर में तिरंगा फहराकर उनके बलिदान और देश के प्रति सम्मान को मजबूत करने की जरूरत है।

सुरेश कश्यप ने कहा कि तिरंगा केवल देश का झंडा नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के जश्न में बढ़-चढ़कर भाग लेने और राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान को प्रदर्शित करने का संदेश दिया गया।

वहीं, संसद के मानसून सत्र के दौरान लगातार जारी गतिरोध को लेकर भाजपा सांसद सुरेश कश्यप ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जानबूझकर लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बाधित कर रहा है, जिससे देश और जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर संसद में चर्चा नहीं हो पा रही है। सुरेश कश्यप ने कहा कि पिछले करीब दो सप्ताह से संसद की कार्यवाही लगातार प्रभावित हो रही है। देश के अलग-अलग हिस्सों से सांसद अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सदन में उठाना चाहते हैं, लेकिन हंगामे के कारण उन्हें चर्चा का अवसर नहीं मिल पा रहा है।

सुरेश कश्यप ने असम समेत देश के कई हिस्सों में बाढ़ और बारिश से हुए नुकसान का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे गंभीर मुद्दों पर संसद में चर्चा होना जरूरी है। इसके अलावा मानसून सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक भी पारित किए जाने हैं, लेकिन लगातार हो रहे हंगामे के कारण संसद का बहुमूल्य समय बर्बाद हो रहा है।

भाजपा सांसद ने कहा कि संसद की कार्यवाही चलाने में जनता की गाढ़ी कमाई खर्च होती है। ऐसे में यदि सदन लगातार बाधित रहता है तो यह पैसा भी निरर्थक जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों से अपील की कि संसद की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलने दिया जाए और विपक्ष देशहित व जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाए। कश्यप ने कहा कि सांसद अपने क्षेत्रों की समस्याओं और देश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को संसद में रखना चाहते हैं। ऐसे में सदन में चर्चा और विधायी कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सभी दलों को सहयोग करना चाहिए।