शिमला। पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी को लेकर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा सांसद कंगना रनौत पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कंगना रनौत को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जा रहे हैं, जबकि हिमाचल सरकार ने अनाथ बच्चों और विधवा महिलाओं की मदद के लिए सिर्फ 60 पैसे सेस लगाया है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कंगना रनौत को पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी को लेकर बात करने के साथ-साथ ई-20 से गाड़ियों को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से हिमाचल के लिए घोषित 1500 करोड़ रुपये की राशि को लेकर भी कंगना रनौत को बात करनी चाहिए और हिमाचल को उसका हक दिलाना चाहिए।
वहीं, बारिश के कारण प्रदेश में प्रभावित हो रहे सड़क मार्गों को लेकर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सड़कों को युद्ध स्तर पर खोलने का काम किया जा रहा है। मशीनरी को ग्राउंड जीरो पर लगाया गया है और इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
उन्होंने कहा कि टायरिंग का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका, क्योंकि बिटुमेन के दाम बढ़ गए हैं। मानसून के बाद दोबारा टायरिंग का काम शुरू किया जाएगा और तय लक्ष्य को पूरा किया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सरकार किसान और बागवानों को परेशान नहीं होने देगी।