स्वतंत्रता दिवस पर बीएसएनएल ने दिया ग्राहकों को बड़ा तोहफा,1 रुपये में मिलेगी सिम,24 दिन की होगी वैधता,हिमाचल की 3615 पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ने का लक्ष्य, अगले 6 महीने में 5G शुरू करने का लक्ष्य

शिमला। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर बीएसएनएल ने हिमाचल के ग्राहकों को बड़ा तोहफा दिया है। शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीएसएनएल के मुख्य महाप्रबंधक राजन कम्बोज ने सस्ते प्लान, FTTH और 5G को लेकर कई घोषणाएं कीं है।बीएसएनएल ने एक रुपये में सिम के साथ 24 दिन की वैलेडिटी का नया ऑफर लॉन्च किया है। इसमें रोज 1GB डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और 100 SMS मिलेंगे। वहीं 2399 रुपये का सालाना प्लान भी शुरू किया गया है, जिसकी वैधता 412 दिन होगी और रोज 2GB डेटा मिलेगा।

बीएसएनएल के मुख्य महाप्रबंधक राजन कम्बोज ने बताया कि बीएसएनएल ने मोबाइल पर लाइव टीवी की सुविधा भी शुरू की है। टैंगो टीवी के जरिए ग्राहक 500 से ज्यादा चैनल मुफ्त देख सकेंगे। शहरी इलाकों के लिए 1111 रुपये का स्पेशल प्लान है, जिसमें 5000 GB तक डेटा और 200MBPS तक की स्पीड मिलेगी।डिजिटल कनेक्टिविटी को लेकर बीएसएनएल ने बड़ा लक्ष्य रखा है। अगले साल तक प्रदेश की 3615 ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा जाएगा। इस पर करीब 2000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं सरकार की मंजूरी मिलते ही 6 महीने में हिमाचल में 5G सेवा भी शुरू की जाएगी।बीएसएनएल का मकसद ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में डिजिटल डिवाइड को खत्म करना है।बीएसएनएल का दावा है कि नए ऑफर और नेटवर्क विस्तार से प्रदेश में कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।