कुठेड़ में आयुष्मान आरोग्य शिविर में 90 लोगों की स्वास्थ्य जांच, 72 के किए गए एक्स-रे

करसोग..राज्य सरकार के निर्देशानुसार स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक घर-द्वार पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग करसोग द्वारा आज करसोग विकास खंड की दूरदराज की ग्राम पंचायत कुठेड़ में एक दिवसीय आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं।
शिविर के दौरान क्षेत्र के 90 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 72 लोगों के एक्स-रे किए गए। राज्य सरकार की ओर से करसोग अस्पताल को हाल ही में उपलब्ध करवाई गई पोर्टेबल एक्स-रे मशीन का प्रयोग कर गांव के लोगों को उनके घर द्वार पर ही आरोग्य शिविर में एक्स-रे की सुविधा प्रदान की गई। पंचायत में पहली बार इस प्रकार की एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध होने पर स्थानीय लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया।
इसके अतिरिक्त एक दिवसीय आयुष्मान आरोग्य शिविर में एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी के 52 टेस्ट, सिफलिस के 52 टेस्ट किए गए जबकि 90 लोगों की टीबी की जांच की गई। जांच के उपरांत जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं।
शिविर में नागरिक चिकित्सालय करसोग से सुपरवाइजर दयानंद, एक्स-रे तकनीशियन जय सिंह, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर लोभ चंद तथा काउंसलर नंदा शर्मा और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महोग से डाॅ. दीक्षा ने लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार किया।
खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग डाॅ. गोपाल चैहान ने बताया कि सरकार के निर्देशों के अनुरूप स्वास्थ्य विभाग द्वारा दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को उनके घर-द्वार पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पोर्टेबल एक्स-रे मशीन की सुविधा उपलब्ध होने से अब दूरदराज के क्षेत्रों में भी जरूरतमंद लोगों को एक्स-रे की सुविधा प्रदान की जा सकेंगी। उन्होंने ग्राम पंचायत कुठेड़ की प्रधान सुनीता देवी तथा स्थानीय लोगों का शिविर को सफल बनाने के लिए सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।