
जुब्बल। नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना जुब्बल की टीम ने 78 ग्राम अफीम बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को पुलिस टीम परहाट पुल, HPPCL डैम के समीप गश्त एवं चैकिंग पर थी। इसी दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में देखा। शक के आधार पर उसे रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 78 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी की पहचान मानस चौहान पुत्र अत्तर सिंह, निवासी झगटन, जिला शिमला, उम्र 21 वर्ष के रूप में की है। बरामदगी के बाद पुलिस थाना जुब्बल में अभियोग संख्या 37/2026, दिनांक 20 अगस्त 2026, धारा 18 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।