जयराम ठाकुर ने खत्म करवाया आमरण अनशन, ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन का 2027 में BJP के समर्थन का किया ऐलान

SHIMLA…हिमाचल प्रदेश में रक्षाबंधन के दिन ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के आंदोलन ने बड़ा मोड़ ले लिया। शिमला के चौड़ा मैदान में पिछले पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे टैक्सी ऑपरेटरों का अनशन शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने समाप्त करवाया। इसी दौरान टैक्सी ऑपरेटर यूनियन ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को खुले समर्थन का ऐलान कर दिया।

ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन से जुड़े राम रतन शर्मा, अभि ठाकुर और पूनम नेगी ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया। अनशन के तीसरे दिन मेडिकल फिटनेस का हवाला देकर प्रदर्शनकारियों को धरना स्थल से हटाने की कोशिश भी की गई। इसके बाद जयराम ठाकुर धरना स्थल पर पहुंचे और टैक्सी ऑपरेटरों की समस्याएं सुनीं।

जयराम ठाकुर ने सरकार पर संवेदनहीन रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा टैक्सी ऑपरेटरों के हितों के लिए उनके साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को सरकार के स्तर पर उठाने के साथ ही केंद्र सरकार के समक्ष भी पूरा मामला रखा जाएगा और उनके हितों से जुड़ी मांगों को पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा।

ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के नेता राम रतन शर्मा, अभि ठाकुर, पूनम नेगी और अन्य प्रतिनिधियों ने जयराम ठाकुर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने उनकी परेशानी में साथ नहीं दिया, जबकि जयराम ठाकुर खुद धरना स्थल पर पहुंचे और उनकी बात सुनी। यूनियन नेताओं ने कहा कि कोरोना काल में तत्कालीन भाजपा सरकार ने टैक्सी, ट्रक और बस ऑपरेटरों का भरपूर साथ दिया था।

ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन ने कहा कि भले ही कोरोना काल में इन ऑपरेटरों ने तत्कालीन भाजपा सरकार का विरोध किया था, लेकिन आज जब जयराम ठाकुर उनके साथ खड़े हुए हैं तो आने वाले समय में वे भी उनके साथ खड़े रहेंगे। टैक्सी ऑपरेटरों ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में वे भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करेंगे। इस दौरान धरना स्थल पर “हमारा मुख्यमंत्री कैसा हो, जयराम ठाकुर जैसा हो” के नारे भी लगाए गए।