कुल्लू। भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय मंडी (एनएसओ) द्वारा सितंबर 2026 में कुल्लू जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विभिन्न सर्वेक्षण किए जा रहे हैं। इन सर्वेक्षणों से जुटाई गई जानकारी का उपयोग देश और प्रदेश में विकास योजनाएं बनाने तथा बेहतर नीतियां तैयार करने के लिए किया जाएगा।
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय मंडी के सहायक निदेशक ने बताया कि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग विषयों पर सर्वेक्षण किए जाएंगे। इसमे सोइधार मनाली में आवधिक शर्म बल सर्वेक्षण, निरमंड में असंगठित क्षेत्र उद्यमों का सर्वेक्षण, कुल्लू में राष्ट्रीय घरेलू आय का सर्वेक्षण, मणिकर्ण, कुल्लू और मनाली में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक, कशावरी में प्रवासन सर्वेक्षण तथा तवार और भुंतर में अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षणबऔर कृषि परिवारों की स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण के लिए एनएसओ के प्रशिक्षित अधिकारी और कर्मचारी डिजिटल उपकरणों और वेब पोर्टल के माध्यम से जानकारी एकत्र करेंगे। लोगों द्वारा दी गई जानकारी को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और इसका उपयोग केवल आंकड़े तैयार करने के लिए किया जाएगा।
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने सर्वेक्षण के लिए चुने गए परिवारों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण कर्मचारियों को सही और पूरी जानकारी उपलब्ध करवाएं। सही आंकड़े मिलने से सरकार को लोगों की जरूरतों के अनुसार बेहतर योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी।