प्रदेश सरकार पर बरसे हिमाचल भाजपा अध्यक्ष, बोले- CAG रिपोर्ट ने उड़ाई सरकार के वित्तीय प्रबंधन की धज्जियां
शिमला। हिमाचल बीजेपी प्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से एक महीने का “सेवा और समर्पण के 25 वर्ष” सेवा पखवाड़ा मनाने जा रही है। 17 सितंबर को 80 हजार घरों में दिए जलाने के लक्ष्य के साथ इसकी शुरुआत होगी। हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शिमला में प्रेस वार्ता के दौरान इसकी जानकारी दी। वहीं, इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि CAG की ताजा रिपोर्ट ने प्रदेश सरकार के वित्तीय प्रबंधन की धज्जियां उड़ा कर रख दी हैं।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पीएम मोदी ने सत्ता को सेवा के रूप में बदला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आम जन की सेवा के लिए महत्वपूर्ण स्थानों को समर्पित किया है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्षों को मायना जाएगा। 17 सितंबर को पीएम मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाला यह अभियान एक महीने तक चलेगा। डॉ. बिंदल ने बताया कि 17 सितंबर को प्रदेश के 8,000 बूथों में 80,000 घरों पर दिए जलाने का लक्ष्य रखा गया है। 17 से 19 सितंबर तक पूरे प्रदेश में रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। स्कूली बच्चों के स्तर पर पेंटिंग और डिबेट प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि मंडल और जिला स्तर पर 25 प्रकार के सेवा अभियान चलाए जाएंगे। हर जिले में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी, जिसका उद्देश्य 2047 के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाना है।
राजीव बिंदल ने कहा कि पीएम मोदी ने 12 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 13 वर्ष देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 4 करोड़ लोगों को आवास दिए, 11 करोड़ लोगों को घर पर शौचालय और 13 करोड़ लोगों को नल से जल दिया गया। 50 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया गया, जबकि 10 करोड़ किसानों को सीधे खाते में वित्तीय सहायता दी गई। उन्होंने दावा किया कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। डॉ. बिंदल ने कहा कि 2004 से 2014 की मनमोहन सिंह सरकार घोटालों की सरकार के रूप में जानी गई। उन्होंने कहा कि आज दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल लेनदेन नेटवर्क भारत के पास है। भारत 8 ट्रिलियन की इकोनॉमी बना है और 11वें नंबर की फ्रैजाइल इकोनॉमी से चौथी बड़ी आर्थिक शक्ति बना है।
वहीं, प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि विकसित हिमाचल कौन नहीं चाहता, लेकिन इसी सप्ताह आई कैग की रिपोर्ट ने सरकार के सिस्टम की धज्जियां उड़ा दी हैं। रिपोर्ट में प्रदेश में भारी वित्तीय कुप्रबंधन की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा मानसून सत्र के दौरान सरकार की वास्तविक स्थिति सामने आई है। प्रदेश में साढ़े तीन हजार स्कूल सिंगल टीचर वाले हैं और 150 स्कूलों में एक भी अध्यापक नहीं है। यह हाल तब है, जब करीब 2 हजार स्कूलों पर ताला जड़ दिया गया है। डॉ. बिंदल ने कहा कि बच्चों की वर्दी बंद कर दी गई और सरकारी बसों से मुफ्त यात्रा भी बंद कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का लक्ष्य 5,000 स्कूलों को बंद करने का है। उन्होंने कहा कि सरकार ने चार साल में 45 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया है। इसके बावजूद प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की बात कहना झूठ की पराकाष्ठा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना तैयारी के सीबीएसई स्कूल और इंग्लिश स्कूल शुरू कर दिए गए हैं और सरकार बच्चों का भविष्य खतरे में डाल रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि जुलाई में पूरे प्रदेश में 171 जगहों पर प्रदर्शन किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसी भी जनविरोध को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि 92 वर्ष का व्यक्ति भी सरकार के खिलाफ धरने में पहुंचा। उन्होंने कहा कि अब भाजपा हर महीने 200 स्थानों पर प्रदर्शन करेगी।
वहीं, मंडी में कंगना रनौत के व्यवहार को लेकर पूछे गए सवाल पर हिमाचल भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भाजपा से पल्ला झाड़ लिया। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि हिमाचल में अधिकारियों की बाढ़ आई है और IAS, IPS और IFS अधिकारियों को कम करने की बात कह रहे हैं। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कंगना रनौत अपनी बात कहने में खुद सक्षम हैं। कंगना अपने आप उत्तर देंगी और वह उनकी बात का जवाब नहीं देंगे।