ऊना। जिला एवं सत्र न्यायालय ऊना एवं जिला उपमंडल अंब स्थित न्यायालय परिसर में आज (शनिवार) को जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेश कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी समझौते एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के आधार पर निपटारा किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिखा लखनपाल ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 6,194 मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। इन मामलों के निपटारे के दौरान कुल 5,52,39,009 रुपये की राशि का समझौता हुआ। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न श्रेणियों के मामलों को समझौते के आधार पर निपटाने के लिए सुनवाई की गई। इनमें विभिन्न प्रकार के अपराधों से संबंधित कंपाउंडेबल मामले, दीवानी विवाद, चेक बाउंस के मामले, धारा 138 के तहत एनआई से संबंधित मामले, उपभोक्ता शिकायतों तथा मोटर व्हीकल चालान से संबंधित मामले शामिल रहे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आमजन को सुलभ, त्वरित एवं कम खर्च में न्याय उपलब्ध करवाना है। लोक अदालत के माध्यम से पक्षकार आपसी सहमति और समझौते के आधार पर अपने विवादों का समाधान कर सकते हैं, जिससे न केवल समय और धन की बचत होती है, बल्कि न्यायालयों में लंबित मामलों के बोझ को कम करने में भी सहायता मिलती है।