छोटा शिमला वार्ड में नगर निगम ने लगाया स्वास्थ्य शिविर, करीब 300 लोगों की हुई जांच

 

शिमला । नगर निगम शिमला की ओर से शुक्रवार को छोटा शिमला वार्ड में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य की जांच करवाई। महापौर सुरेंद्र चौहान ने शिविर का शुभारंभ किया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की आंखों और कानों की जांच की। इसके अलावा शुगर, हीमोग्लोबिन, कैल्शियम सहित अन्य स्वास्थ्य जांच के साथ ईसीजी की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई। जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि नगर निगम की ओर से शहर के अलग-अलग वार्डों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य लोगों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना और अस्पतालों में होने वाली भीड़ को कम करना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की परिधि में छह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भी संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि शिविर में आभा कार्ड (ABHA Card) बनाने और इसके उपयोग को लेकर भी लोगों को जानकारी दी गई। जिन लोगों के आभा कार्ड नहीं बने हैं, उनके लिए अलग से व्यवस्था की गई थी।

 

सुरेंद्र चौहान ने कहा शिविर में करीब 300 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें वरिष्ठ नागरिकों के साथ युवा भी शामिल रहे। शिविर में रिपन अस्पताल के सीएमओ डॉ. सी.आर. रांटा, छोटा शिमला की चिकित्सक डॉ. नीलम, डॉ. सिद्धार्थ सहित अन्य चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों ने सेवाएं दीं।

महापौर ने स्वास्थ्य शिविर में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों का आभार जताते हुए कहा कि नगर निगम का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वार्ड स्तर पर लगातार स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे और प्रत्येक वार्ड में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।