जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना द्वारा विभिन्न नालसा योजनाओं के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ऊना। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊना द्वारा निर्धारित कार्य योजना के तहत आज(शुक्रवार) को जिले के विभिन्न शैक्षणिक एवं सार्वजनिक संस्थानों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, बच्चों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को उनके कानूनी अधिकारों तथा उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊना की सचिव शिखा लखनपाल ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय ऑज़ोन परत संरक्षण दिवस के अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल), ऊना में संबंधित विभाग के समन्वय से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्य विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता परवीन चौधरी ने प्रतिभागियों को ओजोन परत के महत्व, ओजोन क्षरण के कारणों एवं दुष्प्रभावों तथा पर्यावरण संरक्षण के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में लगभग 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

इसी क्रम में नालसा जागृति– सशक्त युवा, सशक्त भारत योजना के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, अजौली, ब्लॉक ऊना में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इनमें 120 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सहायक प्रोफेसर सुजाता तथा पीएलवी अवतार कौर ने प्रतिभागियों को योजना के उद्देश्यों, कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा उपलब्ध विधिक सेवाओं के बारे में जागरूक किया।

उन्होंने बताया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष के पीड़ितों के लिए न्याय तक पहुंच पर नालसा योजना, 2025 के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बट्ट कलां में सहायक विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता परवीन कुमारी द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रतिभागियों को विधिक सहायता, उनके अधिकारों एवं हकदारियों तथा विधिक सेवा प्राधिकरणों की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया।