उचित मूल्य की दुकानों के आवंटन के लिए 12 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

 

शिमला। जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, शिमला द्वारा जिला के विभिन्न क्षेत्रों में उचित मूल्य की दुकानें (Fair Price Shops) खोलने के लिए इच्छुक व्यक्तियों एवं संस्थाओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जारी सूचना के अनुसार शिमला शहर के वार्ड नंबर-11 के टूटीकंडी आईएसबीटी के समीप, जतोग कैंट तथा शिमला ग्रामीण की ग्राम पंचायत घनेवग नेहरा के घरोग में उचित मूल्य की दुकानें आवंटित की जानी प्रस्तावित हैं।

जिला नियंत्रक नरेन्द्र कुमार धीमान ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति/संस्थाएं निर्धारित स्थानों पर उचित मूल्य की दुकान खोलने के लिए आवश्यक सूचना एवं दस्तावेज ऑनलाइन माध्यम से emerginghimachal.hp.gov.in वेबसाइट पर अपलोड कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर, 2026 निर्धारित की गई है। अन्य किसी माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि आवेदक की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक तथा व्यक्तिगत आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदन के साथ मैट्रिक प्रमाण-पत्र एवं अन्य उच्च शिक्षा प्रमाण-पत्र, यदि कोई हो, वित्तीय स्थिति, भूतपूर्व सैनिक, दिव्यांग, शिक्षित बेरोजगार होने संबंधी प्रमाण-पत्र तथा दुकान की उपलब्धता एवं भण्डारण क्षमता से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

इसके अतिरिक्त बीपीएल, एससी, ओबीसी या एसटी परिवार से संबंधित प्रमाण-पत्र। यदि आवेदक उसी स्थान का निवासी है जहां उचित मूल्य की दुकान खोली जानी प्रस्तावित है, तो पंचायत द्वारा जारी प्रमाण-पत्र की अधिकृत अधिकारी से सत्यापित प्रति भी प्रस्तुत करनी होगी। आवेदक एवं उसके परिवार के किसी सदस्य के एमएलए, एमपी अथवा स्थानीय निकायों में किसी पद पर निर्वाचित न होने संबंधी शपथ-पत्र भी अपलोड करना अनिवार्य है।

जिला नियंत्रक ने स्पष्ट किया कि आवश्यक दस्तावेजों के बिना प्राप्त आवेदनों को अस्वीकृत/रद्द कर दिया जाएगा तथा उपलब्ध आवेदनों के आधार पर उचित मूल्य की दुकान के आवंटन के लिए मेरिट तैयार की जाएगी।

अधिक जानकारी एवं आवश्यक औपचारिकताओं के संबंध में इच्छुक व्यक्ति/संस्थाएं किसी भी कार्यालय दिवस में कार्यालय आकर अथवा दूरभाष नंबर 0177-2657022 पर संपर्क कर सकते हैं।