संस्कृति मंत्रालय 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली में ब्रिक्स थिएटर फेस्टिवल 2026 का आयोजन करेगा

नई दिल्ली। संस्कृति मंत्रालय साल 2026 की भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली में ब्रिक्स थिएटर फेस्टिवल 2026 का आयोजन करेगा। इस तीन दिवसीय महोत्सव की थीम “शेयर्ड स्‍टोरीज़, शेयर्ड फ़्यूचर्स” (साझी कहानियां, साझा भविष्य) है, जिसमें ब्रिक्स के नौ सदस्य देशों और साझेदार देशों के 100 से अधिक रंगमंच कर्मी, विद्वान, विद्यार्थी और सांस्कृतिक प्रतिनिधि एक साथ आएंगे।

मीडिया को संबोधित करते हुए, संस्कृति मंत्रालय के सचिव  विवेक अग्रवाल ने भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत इस आयोजन को एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक सहभागिता के रूप में रेखांकित किया और रंगमंच के माध्यम से जन-से-जन संबंधों को आगे बढ़ाने में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

सचिव महोदय ने कहा कि यह महोत्सव अगस्त 2026 में आयोजित ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक में अपनाए गए भोपाल घोषणापत्र पर आधारित है, जिसमें अधिक सांस्कृतिक सहयोग, जन-से-जन आदान-प्रदान तथा कलाकारों और सांस्कृतिक कर्मियों के बीच मजबूत नेटवर्क पर जोर दिया गया था। भारत ने ऐसे आदान-प्रदान को सुगम बनाने के लिए स्वैच्छिक कलाकार रजिस्ट्री का भी प्रस्ताव रखा था। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव ब्रिक्स देशों के रंगमंच कर्मियों के बीच प्रस्तुतियों और पेशेवर संवाद के माध्यम से इस विज़न को आगे बढ़ाता है।

महोत्सव के महत्व को ब्रिक्स नेताओं की घोषणा में भी मान्यता दी गई है, जिसमें भोपाल घोषणापत्र का स्वागत किया गया और सांस्कृतिक सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा जन-से-जन संबंधों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से की गई पहलों का उल्लेख किया गया।