टापरी। टापरी के पागल नाला के पास रात करीब 8 बजे पहाड़ी से अचानक बड़े-बड़े पत्थर और चट्टानें गिरने से सड़क बंद हो गई। इस दौरान एक बस और तीन छोटे वाहन भी पत्थरों की चपेट में आए। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, अपनी जान बचाने के लिए कुछ यात्री बड़ी चट्टान के नीचे जाकर छिप गए। बाद में सभी यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
करीब पांच घंटे तक मार्ग बंद रहने के बाद सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया। हालांकि, मौके पर पहाड़ी से पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ था, जिसके चलते यात्रियों और वाहन चालकों में डर का माहौल रहा।