राष्ट्रपति के प्रस्तावित मनाली प्रवास की तैयारियों की समीक्षा

 उपायुक्त ने विभागवार तैयारियों का लिया जायजा, समयबद्ध व्यवस्थाओं के दिए निर्देश
कुल्लू : राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मू के 6 से 8 अक्टूबर तक प्रस्तावित मनाली प्रवास को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शनिवार को बहुउद्देश्यीय भवन के सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की।
   बैठक में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित डीआरडीओ, ग्रेफ, बीआरओ, एनएचएआई तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास को लेकर विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विभागवार समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
    उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं बेहतर समन्वय के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
   उन्होंने राष्ट्रपति के दौरे के लिए ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सुरक्षा एवं प्रवेश पास समय पर तैयार करवाने के निर्देश दिए, ताकि ड्यूटी व्यवस्था में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सड़क एवं पार्किंग व्यवस्था, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, संचार सुविधाओं, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
   उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के प्रवास से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा किसी भी स्तर पर आपसी समन्वय की कमी न रहे। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करने तथा आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर तैयारियों का जायजा लेने के निर्देश भी दिए।
    उपायुक्त ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान पैराग्लाइडिंग, जिप लाइन, हॉट एयर बैलून, ड्रोन सहित अन्य हवाई एवं साहसिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन गतिविधियों की प्रभावी निगरानी करने तथा सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत आवश्यक कदम उठाने को कहा।
   उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास के दौरान सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुचारू एवं व्यवस्थित रहनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सौंपे गए दायित्वों को पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता से पूरा करें।