विश्व डाक दिवस और राष्ट्रीय डाक सप्ताह के उपलक्ष्य पर ऊना डाक मंडल में आयोजित होंगे जागरूकता कार्यक्रम – बलवीर चंद

ऊना। विश्व डाक दिवस एवं राष्ट्रीय डाक सप्ताह के उपलक्ष्य पर भारतीय डाक विभाग द्वारा देशभर में विभिन्न जागरूकता व जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए अधीक्षक डाकघर, ऊना मंडल बलबीर चंद ने बताया कि 9 अक्तूबर को विश्व डाक दिवस और 9 से 15 अक्तूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य डाक सेवाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और समाज के हर वर्ग तक विभाग की आधुनिक व बहुआयामी सेवाओं को पहुंचाना है।

बलबीर चंद ने बताया कि बदलते समय के साथ भारतीय डाक विभाग ने अपनी पारम्परिक सेवाओं के अलावा स्पीड पोस्ट, पार्सल, ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स, अंतरराष्ट्रीय डाक, डाक जीवन बीमा, बचत बैंक, आधार व पासपोर्ट सेवाएं तथा डिजिटल भुगतान जैसी कई आधुनिक सुविधाएं शुरू की हैं।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय डाक सप्ताह के दौरान ऊना मंडल के विभिन्न डाकघरों व क्षेत्रीय स्तर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत आम नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों व विभिन्न संगठनों को डाक विभाग की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
सप्ताह के दौरान फिलाटेली के अंतर्गत विभिन्न स्कूलों में ‘ढाई अक्षर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न स्कूलों व ग्राम पंचायतों में आम जनता की सुविधा के लिए विशेष आधार शिविर भी लगाए जाएंगे।

बलबीर चंद ने कहा कि डाक विभाग अब डिजिटल तकनीक अपनाकर सेवाओं को अधिक तेज, पारदर्शी व ग्राहक-केंद्रित बना रहा है। आज डाकघर केवल पत्र व पार्सल भेजने तक सीमित न रहकर वित्तीय, बीमा, लॉजिस्टिक्स व नागरिक-केंद्रित सेवाओं का प्रमुख केंद्र बन चुके हैं।
उन्होंने ऊना मंडल की आम जनता से अपील की है कि वे अपने नजदीकी डाकघर में जाकर विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लें और इनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि “डाक सेवा, जन सेवा” की भावना के साथ भारतीय डाक विभाग निरंतर देशवासियों की सेवा के लिए तत्पर है।