राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में करियर एवं प्रतियोगी परीक्षाओं पर आयोजित कार्यशाला का समापन

शिमला। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू के करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला ‘करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कौशल और रणनीतियाँ’’ के दूसरे दिन विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में विभिन्न संकायों के लगभग 110 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं, उनकी पात्रता, पाठ्यक्रम, परीक्षा की तैयारी की रणनीतियों, समसामयिक घटनाओं तथा व्यक्तित्व विकास के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों के व्यावहारिक कौशल को विकसित करने के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, मॉक इंटरव्यू और समूह चर्चा जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों के करियर के प्रति जागरूक करना तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल और मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने इस पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला के संयोजक सहायक आचार्य अजय कुमार ने विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को करियर संबंधी सही निर्णय लेने और प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रभावी तैयारी करने में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर समिति के सदस्य सहायक आचार्य सुरेंद्र कुमार, डॉ. हिरामणि, डॉ. प्रियंका ठाकुर, सहायक आचार्य डिंपल जमटा तथा सहायक आचार्य सपना ठाकुर भी उपस्थित रहे।